व्यापार संघ ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, बड़े वाहनों से कथित अवैध वसूली और नशे के कारोबार पर भी उठाए सवाल

Updated:
विज्ञापन

व्यापार संघ सोपी जापान | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

त्रिवेणीगंज बाजार के व्यापारियों ने जाम, अवैध वसूली, जलजमाव और कचरे जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. व्यापार संघ ने चेतावनी दी है कि 7 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई न होने पर बाजार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला जाएगा.

विज्ञापन

Triveniganj Market Problem: त्रिवेणीगंज बाजार में कारोबार करना अब व्यापारियों के लिए सिर्फ दुकान खोलने और ग्राहकों का इंतजार करने तक सीमित नहीं रह गया है. कहीं सड़क पर खड़े ई-रिक्शा और ऑटो जाम की वजह बन रहे हैं, तो कहीं बीच सड़क पर बसों के रुकने से यातायात थम जा रहा है. बारिश के बाद जलजमाव और बाजार में कचरे की समस्या अलग परेशानी बनी हुई है. इसी बीच व्यापार संघ ने बड़े मालवाहक वाहनों से बैरियर के नाम पर कथित अवैध वसूली और बाजार क्षेत्र में शराब व सूखे नशे की कथित बिक्री का मुद्दा भी उठाया है.

विज्ञापन

इन तमाम समस्याओं को लेकर सोमवार को व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया. व्यापार संघ के बैनर तले अध्यक्ष भुवनेश्वरी साह के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी अनुमंडल कार्यालय पहुंचे. व्यापारियों ने एसडीएम अभिषेक कुमार और एसडीपीओ दिलीप कुमार से मुलाकात कर समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा. संघ ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है.

एनएच-327ई पर रोज तीन से चार घंटे तक जाम का दावा

व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि बाजार में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. मुख्य मार्ग एनएच-327ई के दोनों किनारे ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं. इसके अलावा बीच सड़क पर बसों के रुकने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है.

व्यापार संघ का दावा है कि इन वजहों से बाजार में प्रतिदिन तीन से चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है. शनिचर हाट और एसएच से जुड़ी प्रमुख सड़कों पर भी आए दिन यातायात बाधित होता है.

जाम का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है. स्थानीय लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. व्यापारियों के अनुसार सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है. कई बार जाम के दौरान वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति भी पैदा हो जाती है. संघ ने जाम के दौरान दुर्घटनाएं होने का भी दावा किया है.

शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप

व्यापार संघ का कहना है कि जाम की समस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

व्यापारियों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या धीरे-धीरे गंभीर होती गई. संघ ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने, प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक जाम रोकने और इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की.

बड़े मालवाहक वाहनों से कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी उठा

ज्ञापन में व्यापार संघ ने एनएच-327ई पर डीएसपी आवास के समीप और चीलौने पुल के पास बड़े मालवाहक वाहनों से बैरियर के नाम पर कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया.

व्यापार संघ ने एसडीएम अभिषेक कुमार का ध्यान इस मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए जांच की मांग की. संघ का कहना है कि इस संबंध में पहले भी अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.

व्यापारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है.

जेसीआई और पत्तरघटी रोड पर जलजमाव से परेशानी

व्यापारियों ने नगर परिषद क्षेत्र की जलजमाव की समस्या को भी अधिकारियों के सामने रखा. जेसीआई रोड और पत्तरघटी रोड पर लंबे समय से जलजमाव की स्थिति बनी रहने की शिकायत की गई.

व्यापारियों के अनुसार बारिश होने के बाद इन सड़कों की स्थिति और खराब हो जाती है. पानी जमा रहने से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. संघ ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राज साहिल का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए स्थायी समाधान की मांग की.

सफाई के बाद भी सड़क किनारे पड़ा है कचरा

बाजार की सफाई व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों में नाराजगी है. व्यापार संघ का कहना है कि दो-तीन दिन पहले सफाई कर्मियों ने बाजार क्षेत्र में सफाई की थी. सफाई के बाद कचरे को एक जगह जमा कर दिया गया, लेकिन समय पर उसका उठाव नहीं किया गया.

इस वजह से बाजार में कचरे का ढेर लगा हुआ है. कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के कारण दुकानदारों के साथ-साथ बाजार आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है. व्यापार संघ ने तत्काल कचरा उठाव कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

थाना से कुछ ही दूरी पर नशे की बिक्री का आरोप

व्यापार संघ के अध्यक्ष भुवनेश्वरी साह ने एसडीपीओ दिलीप कुमार के सामने बाजार क्षेत्र में शराब और सूखे नशे की कथित बिक्री का मुद्दा भी उठाया.

उन्होंने कहा कि थाना से महज कुछ ही दूरी पर शराब और सूखे नशे की बिक्री चरम पर होने की शिकायतें मिल रही हैं. व्यापार संघ ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने और यदि शिकायतें सही पायी जाती हैं तो अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की.

व्यापारियों का कहना है कि जाम, अतिक्रमण, जलजमाव, कचरा और नशे जैसी समस्याओं का असर केवल बाजार की व्यवस्था पर नहीं पड़ रहा है, बल्कि इससे पूरे शहर के व्यापारिक माहौल और आम लोगों के जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है.

प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने और स्टैंड बनाने की बात कही

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि व्यापार संघ के सदस्यों ने बाजार की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया है. व्यापारियों ने समस्याओं के समाधान को लेकर कई सुझाव भी दिए हैं और प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की बात कही है.

एसडीएम ने कहा कि उपलब्ध पुलिस बल के आधार पर इसी सप्ताह अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा. इसके साथ ही नगर परिषद के ईओ के सहयोग से ई-रिक्शा और ऑटो के लिए स्टैंड चिन्हित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने और बाजार की व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन प्रयासरत है.

Triveniganj Market Problem: अब सात दिन की कार्रवाई पर टिकी व्यापारियों की नजर

व्यापार संघ की चेतावनी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन बाजार की समस्याओं पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है. व्यापारियों ने सात दिनों के भीतर समाधान की मांग रखी है. यदि इस अवधि में जाम, अतिक्रमण, जलजमाव, सफाई और अन्य समस्याओं को लेकर ठोस पहल नहीं हुई, तो संघ ने बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है.

ऐसे में आने वाले दिनों में त्रिवेणीगंज बाजार की व्यवस्था और प्रशासन की कार्रवाई दोनों पर लोगों की नजर रहेगी.

मौके पर एसडीपीओ दिलीप कुमार, नगर परिषद के ईओ राज साहिल, उमाशंकर गुप्ता, फेकू प्रसाद यादव, प्रदीप कुमार सिंह, कन्हैया गुप्ता, प्रदीप कुमार जैन, प्रभात कुमार रंजन, शंभू कुमार सुमन सहित अन्य मौजूद थे.

व्यापार संघ सोपी जापान | Prabhat Khabar Network
व्यापार संघ सोपी जापान | Prabhat Khabar Network
व्यापार संघ सोपी जापान  | Prabhat Khabar Network
व्यापार संघ सोपी जापान | Prabhat Khabar Network

Also Read: बिहार में बाढ़ से 20 लोगों की मौत, 12 जिलों में हाई अलर्ट, कहीं टूटे बांध तो कहीं पुल, कोसी-सीमांचल में बढ़ रहा खतरा

Also Read: बिहार में जंतर-मंतर जैसा नजारा, पटना के जेपी गोलंबर पर जुटे प्रदर्शनकारी, फ्रेजर रोड जाने वाली सड़क बंद, भारी पुलिस बल तैनात

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन