त्रिवेणीगंज में भव्य कलश यात्रा के साथ 11 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू, 651 कन्याओं ने उठाया कलश

Updated:
विज्ञापन

फोटो- 651 कन्याओं व महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, गूंजा गणपति बप्पा मोरया | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

त्रिवेणीगंज में 11 दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में 651 कन्याओं ने भाग लिया. प्रतिदिन 1100 शुद्ध घी के लड्डुओं का भोग लगेगा और श्रीमद्भागवत कथा का भी आयोजन किया जाएगा.

विज्ञापन

त्रिवेणीगंज (सुपौल). मुख्यालय स्थित सार्वजनिक बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार से ग्यारह दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ. बप्पा पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में महोत्सव के प्रथम दिन गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. यात्रा में 651 कुंवारी कन्याओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान पूरा शहर भगवान गणेश के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय बना रहा.

विज्ञापन

गाजे-बाजे के साथ मंदिर परिसर से निकली कलश यात्रा

कलश यात्रा को लेकर सुबह से ही सार्वजनिक बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कलश यात्रा शुरू हुई. रंग-बिरंगे परिधानों में सजी 651 कन्याएं और महिलाएं सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं. यात्रा मुख्य मार्ग एनएच-327 ई से होते हुए ब्लॉक चौक और अनुमंडलीय अस्पताल चौक से गुजरते हुए बघला नदी के तट पर पहुंची. रास्ते में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान गणेश के जयकारे लगाते रहे.

बघला नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भरा गया जल

बघला नदी के तट पर वैदिक सोनू झा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में पवित्र जल भरवाया गया. इसके बाद श्रद्धालु उसी मार्ग से वापस पूजा स्थल पहुंचे. मंदिर परिसर में आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से कलश की स्थापना करायी गयी. पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लगातार ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा. महिलाओं और युवतियों की बड़ी भागीदारी ने कलश यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया.

रोज चढ़ेगा 1100 शुद्ध घी के लड्डुओं का भोग

बप्पा पूजा सेवा समिति के सचिव मनीष सिंह ने बताया कि ग्यारह दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश को 1100 शुद्ध घी के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा. इसके अलावा प्रत्येक दिन संध्या के समय महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.

बुधवार से शुरू होगी सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा

समिति के सचिव ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा. कथा प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शुरू होगी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से पहुंच रहीं कथा वाचिका बाल विदुषी देवी सुनैना कृष्णा श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगी. समिति की ओर से गणेश महोत्सव और भागवत कथा को लेकर व्यापक तैयारियां की गयी हैं. महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

गणेश महोत्सव को लेकर शहर में भक्तिमय माहौल

कलश यात्रा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आयोजन को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है. आयोजकों के अनुसार ग्यारह दिनों तक चलने वाले महोत्सव में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना करेंगे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन