सड़क पार कर रही वृद्धा को वाहन ने कुचला, मौत

Edited by MANISH KUMAR
Updated:
विज्ञापन

- लक्ष्मीनिया गांव के समीप पीपल पेड़ के पास हादसा में वृद्धा की मौत हो गई. वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन की जांच में जुट गई है

विज्ञापन

त्रिवेणीगंज (सुपौल) से दीपक कुमार की रिपोर्ट,

त्रिवेणीगंज-जदिया मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-327ई पर शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई. घटना थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गांव स्थित पीपल पेड़ के समीप उस समय हुई, जब महिला सड़क पार कर रही थी. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. मृतका की पहचान लक्ष्मीनिया वार्ड नंबर 09 निवासी पुलकित राम की 65 वर्षीय पत्नी सीता देवी के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सीता देवी को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ उमेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम

वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला सड़क पार कर रही थी, तभी त्रिवेणीगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है. प्रभारी थानाध्यक्ष पिंकी कुमारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है. दुर्घटना स्थल और आसपास के चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-327ई पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के समीप सड़क पार करने वाले लोगों को काफी खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल व्यवस्था और नियमित निगरानी की मांग की है. सीता देवी की असामयिक मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है. शुक्रवार की रात तक सामान्य दिनचर्या में व्यस्त परिवार ने शायद यह नहीं सोचा होगा कि कुछ ही क्षणों में एक सड़क हादसा उनकी जिंदगी में ऐसा दुख छोड़ जाएगा, जिसकी भरपाई संभव नहीं है.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन