निर्मली: मरौना में तिलयुगा नदी में डूबने से 9 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, शौच के दौरान फिसला था पैर

Updated:
विज्ञापन

रोते हुए परिजन

सुपौल जिले के मरौना में 9 वर्षीय स्कूली छात्र आदित्य की तिलयुगा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. शौच के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसका शव निकाला. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

सुपौल जिले के निर्मली अनुमंडल अंतर्गत मरौना थाना क्षेत्र की हररी पंचायत स्थित झिंगवा गांव के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां तिलयुगा नदी के गहरे पानी में डूबने से 9 वर्षीय मासूम स्कूली छात्र आदित्य कुमार की मौत हो गई. बालक की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में चीत्कार मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

शौच के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में समाया मासूम

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हररी पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी श्याम यादव का 9 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार गुरुवार की शाम तिलयुगा नदी के किनारे शौच के लिए गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नदी के गहरे पानी में चला गया. पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूब गया.

ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद निकाला शव

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी की ओर दौड़े और बच्चे की तलाश में सघन खोजबीन शुरू की. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आदित्य को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. मृतक आदित्य कक्षा 3 का छात्र था तथा अपने दो भाइयों और एक बहन में मंझला था. होनहार बच्चे की असमय मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, आपदा सहायता की प्रक्रिया शुरू

घटना की सूचना मिलते ही हररी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विवेक यादव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना मरौना थाना पुलिस व अंचल प्रशासन को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया. मरौना के अंचल अधिकारी (CO) अभिजीत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विधिवत जांच प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली आपदा अनुग्रह अनुदान सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन