जिले में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, एक माह में ढाई दर्जन से अधिक जगहों पर हुई घटनाएं
Updated at : 15 Mar 2019 1:55 AM (IST)
विज्ञापन

सुपौल : जिले में इन दिनों आपराधिक घटनाएं बढ़ी है. चोरी, हत्या, लूट, दुष्कर्म, रंगदारी, गोलीबारी, अपहरण व साइबर क्राइम की बढ़ रही घटना लोगों के लिये चिंता का कारण बन गया है. खास बात यह है कि हर दिन कहीं न कहीं अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया जा रहा है. बावजूद इसके इस […]
विज्ञापन
सुपौल : जिले में इन दिनों आपराधिक घटनाएं बढ़ी है. चोरी, हत्या, लूट, दुष्कर्म, रंगदारी, गोलीबारी, अपहरण व साइबर क्राइम की बढ़ रही घटना लोगों के लिये चिंता का कारण बन गया है. खास बात यह है कि हर दिन कहीं न कहीं अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया जा रहा है.
बावजूद इसके इस दिशा में प्रशासन द्वारा समुचित पहल नहीं किये जाने से अपराधियों के हौसले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं. अपराधियों द्वारा एक तरफ जहां लूट की घटना को बेधड़क अंजाम दिये जा रहे हैं. वहीं बेखौफ बदमाशों द्वारा सरेआम लोगों पर गोली दागी जा रही है.
इतना ही नहीं इस बीच साइबर के अपराधी भी सक्रिय हो गये हैं. जो भोलेभाले लोगों के खाते से लाखों रुपये उड़ा लेते हैं और इसकी भनक कुछ दिनों के बाद लोगों को लगती है. हत्या और अपहरण जैसे संगीन अपराध को भी बिना किसी भय के अपराधी अंजाम दे रहे हैं. वहीं जिला मुख्यालय में भी चोरी व दिन-दहारे लूट की घटना से जहां लोग खौफजदा है. वहीं अपराधियों के बुलंद हौसले पुलिस के लिये चुनौती खड़े कर रहे हैं.
अपराधियों में नहीं है पुलिस का डर
खास बात यह है कि बढ़ती आपराधिक घटना से जाहिर होता है कि उनमें पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है. समय रहते इस दिशा में समुचित पहल नहीं की गयी तो अपराधियों का हौसला बुलंद होता जायेगा.
हालांकि कई मामलों में पुलिस को सफलता भी मिली है. बावजूद इसके अपराधियों की गतिविधियों पर ना तो अंकुश लगायी जा सकी है और ना ही आपराधिक घटनाओं को पुलिस रोक पाई है. हाल के दिनों में घटित कई ऐसी घटनाएं पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
लोग तो ये भी कह रहे हैं कि लगता है जिले में अपराध की घटना को रोकने में पुलिस विफल हो चुकी है. गत करीब एक माह के आंकड़ों पर गौर करे तो चोरी, छिनतई से लेकर हत्या, दुष्कर्म, गोलीबारी, रंगदारी, अपहरण जैसी करीब ढाई दर्जन घटनाएं हुई है. जो अपराधियों की बढ़ती सक्रियता व पुलिस की विफलता को उजागर करती है.
हत्या से लेकर लूट, दुष्कर्म, रंगदारी, गोलीबारी, अपहरण व साइबर क्राइम की बढ़ रही घटनाएं
चोरी की घटनाएं
05 फरवरी को पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली चौक स्थित मेहता कंपलेक्स के दो दुकान में चोरी कर चोरों ने करीब दो लाख की संपत्ति चोरी कर ली. इस दौरान चोरों ने चदरा काटकर दुकान के अंदर प्रवेश प्रवेश किया और दुकान में रखे नकदी व सामान गायब कर दी.
07 फरवरी को त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर लखराज वार्ड नंबर 04 मां लक्ष्मी चौक पर संचालित आनंद राज वस्त्रालय में चोरों ने सेंधमारी कर तीन लाख रुपये के कपड़े व गल्ले का ताला तोड़ कर दो हजार रुपये की चोरी कर ली.
08 फरवरी को छातापुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव ब्राह्मण टोला में चोरों ने एक सुने घर को निशाना बनाया और अंदर रखे आभूषण, महंगे वस्त्र व बर्तन आदि की चोरी कर ली. गृहस्वामी अमित कुमार एवं सुमीत कुमार झा ने थाना में इस बात की शिकायत की है. इससे पहले भी बस्ती में कई चोरी की घटना घटी थी.
09 फरवरी को राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित एनएच 57 पर रामपुर गांव निवासी मो हदीस अपने हीरो डीलक्स बाइक से सब्जी खरीद रहे थे. इसी दौरान उसकी गाड़ी चोरों ने उड़ा लिया.
13 फरवरी को त्रिवेणीगंज बाजार स्थित अनूप नगर वार्ड नंबर 10 से अज्ञात चोरों ने एक अधिवक्ता के घर के आगे से अपाचे बाइक चुरा लिया. मामले को लेकर पीड़ित अधिवक्ता राजेश कुमार थाने में आवेदन देकर बाइक बरामदगी की गुहार लगाई है.
16 फरवरी को त्रिवेणीगंज थाना रोड स्थित मुहल्ला में बंधन बैंक में कार्यरत डीएससी की बाइक बैंक के बगल चोरी से कर ली गयी. मामले को लेकर बैंक कर्मी रवि कुमार थाना में आवेदन देकर बाइक बरामदगी की गुहार लगायी.
20 फरवरी को किसनपुर थाना क्षेत्र के नौआबाखर मंडल टोला के समीप से अज्ञात चोरों ने 10 क्विंटल तार एवं 18 पीस साबोल की चोरी कर ली. चोरी की गयी सामानों की कीमत 02 लाख 50 हजार बताया गया.
26 फरवरी को प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तेकुना सुड़ियारी टोला वार्ड नंबर 09 निवासी अशोक कुमार महतो के घर में चोरों ने घर का ताला तोड़ कर नगदी, जेवर समेत सात लाख की संपत्ति की चोरी कर ली.
09 मार्च की रात्रि में अज्ञात चोरों ने जिला मुख्यालय के धर्मशाला रोड स्थित एक किराना दुकान में वेंटीलेटर तोड़ कर हजारों रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया.
09 मार्च को ही किसनपुर थाना क्षेत्र के मुरली पंचायत स्थित वार्ड नंबर 07 में पंकज कुमार मिश्र के घर से ताला तोड़ कर करीब एक लाख रुपये के समान की चोरी कर ली.
09 मार्च की रात सिमराही बाजार वार्ड नंबर 03 शक्ति नगर निवासी मंटू कुमार सिंह की बाइक बाजार से उड़ा ली गयी.
लूट की घटनाएं
15 फरवरी को सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात उचक्कों ने सेंट्रल बैंक से रुपये निकाल कर जा रही महिला से 28 हजार 800 रुपये लूट लिये. पीड़िता वार्ड नंबर 07 चकला निर्मली निवासी सकुंतला कुमारी ने इस बात की शिकायत थाना में की.
19 फरवरी को जदिया थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े हथियार बंद तीन नकाबपोश अपराधियों ने 42 नंबर रोड में परसागढ़ी उत्तर एवं परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के सीमा पर बनहा धार के समीप हथियार का भय दिखाकर भारत माइक्रो फाइनांस कंपनी के संगम मैनेजर से 1.50 लाख सहित एक लेपटॉप लूट लिया.
01 मार्च की संध्या सीएसपी संचालक को गोली मार कर नकदी सहित लैपटॉप लूट लिया. सीएसपी संचालक सदर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी शंभु कुमार संजय इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया. नकाबपोश अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया.
20 फरवरी प्रतापगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने सीएसपी संचालक कर्मी से हथियार के बल पर दो लाख 90 हजार रुपये लूट लिये. बताया गया कि सीएसपी संचालक के कर्मी दिलीप कुमार तीनटोलिया जा रहा था. तभी सुखानगर के समीप अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया.
11 मार्च को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया नगर चौक के समीप बाइक पर सवार दो अपराधियों ने बैंक से पैसा निकाल कर घर जा रहे दंपती से 65 हजार रुपये लूट लिया.
कहते हैं पुलिस अधीक्षक
अपराधियों पर लगाम लगाने के लिये सघन रूप से वाहन चेकिंग किया जा रहा है. जेल से निकले अपराधियों पर भी नजर रखी जा रही है. इसके अलावे पुलिस गश्त तेज कर दी गयी है. साइबर क्राइम को रोकने के लिये आम जनता को भी जागरूक होना होगा.
मृत्युंजय कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक, सुपौल
गोलीबारी की घटना
02 फरवरी को छातापुर थाना क्षेत्र के राजेश्वरी ओपी अंतर्गत मोहम्मदगंज वार्ड नंबर 15 में अज्ञात बदमाशों ने सुप्तावस्था में एक किसान को गोली मार दिया. पीड़ित किसान 50 वर्षीय बुच्ची यादव उर्फ मुल्गीयान अपने दरवाजे पर बने मचान पर सो रहे थे.
08 फरवरी को करजाईन थाना क्षेत्र में गुड़गांव से वीरपुर तक चलने वाली जय मां सखरावाली बस पर अज्ञात अपराधियों ने लूट के ख्याल से गोलीबारी की. जिसमें गाड़ी चालक बाल-बाल बच गये. इस घटना में बस का सीसा चकनाचूर हो गया.
26 फरवरी को किसनपुर थाना क्षेत्र के सुखासन गांव में जमीनी विवाद में गोलीबारी हुई. जिसमें अमृत लाल यादव पर गोली चलायी गयी. गोली श्री यादव के पैर में लगी. घटना से लोग दहशतजदा रहे. गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था.
हत्या का मामला
04 फरवरी को पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी पंचायत स्थित बम भोला आवासीय मध्य विद्यालय से पूरब लिटियाही तिलावे नदी में एक 70 वर्षीय महिला के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी.
22 फरवरी को त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से लापाता 22 वर्षीय युवक संतोष कुमार का तीन बाद मधेपुरा जिला के कुमारखंड थाना क्षेत्र के भतनी नदी से स्थानीय पुलिस ने शव को बरामद किया था. जिसकी पहचान लहरनियां निवासी गायब युवक संतोष कुमार के रूप में हुई थी.
अपहरण की घटनाएं
01 फरवरी को किसनपुर थाना क्षेत्र के करैहिया गांव में करीब एक नाबालिग लड़की के अपहरण को लेकर अपहृता की मां ने थाना में आवेदन देकर गांव के दो युवक को नामजद किया था. आवेदन में गांव के ही दो लोगों पर नामजद किया गया.
22 फरवरी को किसनपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी विनोद साह ने गांव के तीन लोगों द्वारा उनके बेटी की अपहरण किये जाने का आरोप लगाया. इस मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है.
साइबर अपराध की घटनाएं
01 फरवरी को बसंतपुर प्रखंड के वार्ड 08 में साइबर अपराधियों द्वारा ठगी कर बैंक खाता से 50 हजार रूपये उड़ा लिया गया. इस बात को लेकर पीड़ित प्राथमिक विद्यालय खोनटाहा के शिक्षक सह बीएलओ जय प्रकाश कुमार के द्वारा वीरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी.
19 फरवरी को सदर थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी अजीत कुमार सिंह के खाते से 01 लाख रूपये की अवैध रूप से निकासी कर ली गयी है. 19 फरवरी को करीब 10 बजे दिन में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 20-20 हजार करके पांच बार करीब एक लाख रुपये की निकासी कर ली गयी.
26 फरवरी को सदर थाना क्षेत्र के लोहिया नगर चौक निवासी शिक्षक रामानाथ झा के खाते से साइबर अपराधियों ने 20-20 हजार रुपये कर दो बार निकासी कर लिया.
रंगदारी मांगने के मामले
10 फरवरी को करजाइन थाना क्षेत्र के पदुमनगर निवासी आनंद अभिषेक से 05 अपराधियों ने धमकी देते पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की. हालांकि पुलिस दबिश के चलते पीड़ित को जंगल के पास पलार पर छोड़कर अपराधी भाग गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




