सीवान: परसिया पुल के पास खून से लथपथ मिला युवक, आंख में गंभीर चोट, साथ रहे दो युवक फरार
मैरवा रेफरल अस्पताल में घायल का इलाज कराती हुई पुलिस
मैरवा-गुठनी नहर मार्ग पर परसिया पुल के पास एक युवक खून से लथपथ मिला, जिसकी आंख में गंभीर चोट आई है. उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक घटना के बाद फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Siwan Road Accident: मैरवा-गुठनी नहर मार्ग पर परसिया पुल के समीप मंगलवार की सुबह गश्ती के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. युवक की हालत गंभीर थी. पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सब्जी लेकर घर जा रहा था युवक
घायल युवक की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के ताली गांव निवासी रामेश्वर पांडेय के पुत्र भोला पांडेय के रूप में बतायी गयी है. उसकी आंख में गंभीर चोट लगी है.
स्थानीय जानकारी के अनुसार, भोला पांडेय सब्जी लेकर अपने घर जा रहा था. घटनास्थल के समीप सड़क पर सब्जी भी बिखरी मिली. इससे आशंका जतायी जा रही है कि रास्ते में वह किसी हादसे का शिकार हुआ होगा. हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

बाइक पर साथ थे दो युवक, घटना के बाद फरार
बताया जा रहा है कि भोला पांडेय के साथ बाइक पर दो अन्य युवक भी मौजूद थे. दोनों उसी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना के बाद दोनों के मौके से फरार होने की बात सामने आयी है.
दोनों के फरार होने से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गये हैं. युवक को चोट कैसे लगी, उसके साथ मौजूद दोनों युवक घटनास्थल से क्यों चले गये और घटना हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
पुलिस खंगाल रही घटना की पूरी कड़ी
पुलिस घायल युवक के साथ मौजूद दोनों युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है. इसके अलावा घटनास्थल की परिस्थितियों और युवक के घायल होने के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
नहर मार्ग पर गश्ती बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मैरवा-गुठनी नहर मार्ग पर पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि नहर मार्ग के सुनसान हिस्सों में नियमित पुलिस गश्ती होने से संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें: Scorpio को छत पर चढ़ाने के लिए बुलानी पड़ी क्रेन, गोपालगंज का VIDEO देख लोग बोले- ऐसी पार्किंग पहली बार देखी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए