"आपत्तिजनक वीडियो के बाद महापंचायत की अफवाह": उज्जैन बंगरा में भारी पुलिस बल तैनात, हर आने-जाने वाले की तलाशी
गांव में प्रवेश करने वालों की सघन जांच करती पुलिस
Objectionable Video: सीवान के उज्जैन बंगरा गांव में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद उपजे तनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. गांव को सील कर हर आने-जाने वाले की सघन तलाशी ली जा रही है. प्रशासन सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए हुए है.
Objectionable Video: सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के उज्जैन बंगरा गांव में बुधवार को भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. गांव को पूरी तरह सील कर चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गयी है. आने-जाने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है. गांव में प्रवेश करने वालों की सघन तलाशी और जांच की जा रही है. प्रशासन ने यह कदम पिछले दिनों विवाद के बाद उत्पन्न तनाव और सोशल मीडिया पर प्रस्तावित महापंचायत को लेकर चल रही चर्चाओं के मद्देनजर उठाया है.
आपके शहर में
आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा था विवाद
मामला करीब एक सप्ताह पहले उस समय सामने आया था, जब डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के कथित इस्तेमाल से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गयी थी. इसके बाद कथित वीडियो से जुड़े आरोपी की कुछ लोगों द्वारा पिटाई किए जाने की बात सामने आयी.
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिले आवेदन के आधार पर मुकदमे की कार्रवाई की. इसके बावजूद आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहने से प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लिया.
निषेधाज्ञा लागू, प्रशासन ने बढ़ायी निगरानी
तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके में निषेधाज्ञा लागू की गयी है. प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी है.
इस बीच सोशल मीडिया पर 26 अगस्त को उज्जैन बंगरा में एक संगठन की ओर से महापंचायत आयोजित किए जाने की चर्चा लगातार चल रही थी. इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी थी.
गांव में आने-जाने वालों की हो रही सघन जांच
महापंचायत की चर्चा के बीच बुधवार को गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गयी. गांव के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गयी है. आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और गांव में प्रवेश करने से पहले उनकी जांच की जा रही है.
आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते नजर आये. उनके साथ पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी गांव में स्थिति का जायजा लेते रहे.
सोशल मीडिया की हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर
पिछले कई दिनों से उज्जैन बंगरा मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के दावे और चर्चाएं सामने आ रही थीं. प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी अपुष्ट सूचना या अफवाह से दोबारा तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो.
मुखिया ने कहा, गांव में सामान्य है स्थिति
स्थानीय मुखिया ने बताया कि गांव की स्थिति पूरी तरह सामान्य है. दोनों पक्षों के लोग आपस में मिल-जुलकर रह रहे हैं और गांव में शांति का माहौल है. उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
प्रशासन की अपील, शांति व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग
प्रशासन की प्राथमिकता गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए