नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म-वीडियो वायरल करनेवाले तीन गिरफ्तार, सीवान एसपी बोले-स्पीडी ट्रायल से दिलाएंगे सजा

Updated:
विज्ञापन
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म व वीडियो वायरल मामले में तीन गिरफ्तार,स्पीडी ट्रायल से दिलाई जाएगी सजा : एसपी

प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी पूरन कुमार झा | Prabhat Khabar Network

सीवान के बसंतपुर में 15 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन

सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने एवं सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. कांड में महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिससे स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

एसपी ने बताया क्या है मामला

एसपी ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को महिला थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था. इसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 जून की सुबह करीब तीन बजे नित्यकर्म के लिए घर से बाहर जाने के दौरान तीन युवकों ने पूर्व नियोजित तरीके से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किया गया.

उन्होंने बताया कि मामले में महिला थाना में सुसंगत धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल अनुसंधान शुरू किया गया. महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुमन कुमारी तथा जिला आसूचना इकाई के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया.

गिरफ्तार अभियुक्त पर पहले से दर्ज है केस

एसपी के अनुसार, गठित टीम ने लगातार छापेमारी कर बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी संदीप कुमार, महाराजगंज थाना क्षेत्र के पटेढ़ी निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ राय जी तथा बसंतपुर थाना क्षेत्र के सानी बगाही निवासी टुनटुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त संदीप कुमार के विरुद्ध पूर्व से बसंतपुर थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि टुनटुन कुमार पर भी बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पूर्व में मामला दर्ज हो चुका है.

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि मामले में उपलब्ध सभी डिजिटल, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है. वीडियो को अपने पास रखने या उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी अलग से प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाना है.


विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन