महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल में नहीं है लैब टेक्नीशियन, प्राइवेट लैब में करानी पड़ रही है जांच

महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराने के लिए बैठीं महिलाएं .
महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल में लैब टेक्नीशियन की भारी कमी के कारण गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड और अन्य आवश्यक जांचों के लिए निजी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. इससे गरीब मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है.
महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल महाराजगंज में लैब टेक्नीशियन के नहीं होने का खामियाजा सबसे अधिक गर्भवती महिलाओं को उठाना पड़ रहा है.अस्पताल में आवश्यक जांच की समुचित व्यवस्था नहीं होने से अधिकतर गर्भवती महिलाओं को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें अधिक शुल्क देकर जांच करानी पड़ रही है.
अल्ट्रासाउंड की भी नहीं है व्यवस्था
जानकारी के अनुसार अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद खाली होने के कारण कई महत्वपूर्ण जांच नियमित रूप से नहीं हो पा रही हैं.अस्पताल प्रबंधन उपलब्ध संसाधनों के सहारे किसी तरह व्यवस्था संचालित कर रहा है. बेसिक जांच के लिए अस्पताल के कर्मियों और मेडिकल कॉलेज की छात्राओं की मदद ली जा रही है, जबकि विशेष जांच के लिए मरीजों को बाहर भेजना पड़ता है. गर्भवती महिलाओं का कहना है कि अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांच के लिए उन्हें निजी संस्थानों तक बाइक या पैदल जाना पड़ता है.
गरीब मरीजों को हो रहा आर्थिक नुकसान
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च और परेशानी का कारण बन रहा है.लोगों का कहना है कि सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर आधुनिक अस्पताल भवन तो बना दिया, लेकिन पर्याप्त चिकित्सकीय कर्मियों और लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.उनका कहना है कि केवल भवन बनने से स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर नहीं होगी, जब तक आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे.
स्वास्थ्य विभाग से संसाधन उपलब्ध कराने की मांग
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अनुमंडल अस्पताल में पर्याप्त संख्या में लैब टेक्नीशियन की तैनाती, सभी आवश्यक जांचों की सुविधा बहाल करने तथा गर्भवती महिलाओं को अस्पताल परिसर में ही जांच की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है. इससे मरीजों को निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और अनावश्यक आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी.अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर सुमित कुमार ने बताया कि उपलब्ध संसाधन से किसी प्रकार काम चलाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










