सीवान में 13 सितंबर को होगा ‘संविधान के सम्मान में, दलित मुस्लिम मैदान में’ कार्यक्रम
कार्यक्रम की यात्री की समीक्षा करते आयोजन समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network
सीवान में 13 सितंबर को 'संविधान के सम्मान में, दलित मुस्लिम मैदान में' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन समाज में भाईचारे को मजबूत करने और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संवैधानिक रास्तों पर मंथन करेगा.
Siwan News : संविधान के सम्मान, सामाजिक भाईचारे और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों को लेकर रविवार, 13 सितंबर को सीवान में ‘संविधान के सम्मान में, दलित मुस्लिम मैदान में’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 11 बजे शहर के सिटी पैलेस मैरिज हॉल में होगा. आयोजन को लेकर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने जानकारी दी.
कार्यक्रम में कई प्रमुख लोग होंगे शामिल
संयोजक ने बताया कि कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और दलित चिंतक-विचारक प्रो. रतनलाल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तथा पूर्व विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. शकील अहमद खान समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे.
भाईचारे और संवैधानिक अधिकारों पर होगा मंथन
डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में भाईचारे को मजबूत करना और शोषित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक रास्तों पर मंथन करना है. कार्यक्रम में इन वर्गों के सामने मौजूद सामाजिक चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा.
शोषित-वंचित समाज को मजबूत मंच देने की पहल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष आचार्य रवि ने कार्यक्रम को सीवान के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह आयोजन शोषित और वंचित समाज को एक मजबूत मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
कांग्रेस ने एकजुटता जताने की बात कही
महाराजगंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जवाहर राम ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस शोषित एवं वंचित समाज के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेगी. प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी के शामिल होने से कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का उत्साह बढ़ेगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनवादी लेखक संघ के सचिव मार्कंडेय दीक्षित, प्रो. उपेंद्र यादव, शीतलाल राम, कुरैश खान, राम ललन राम और तबरेज अख्तर सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए