उजहरा गांव की बेटी ने बढ़ाया बिहार का मान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते दो पदक

Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 04 Jun 2026 3:16 PM

विज्ञापन

पदक के साथ कविता व साथ में उपस्थित कोंच मनीष तिवारी व श्रेया

Siwan News : सीवान की कविता का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, कोच बोले, सहयोग मिले तो जीत सकती हैं अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण

विज्ञापन

हसनपुरा (सीवान) से उमा शंकर की रिपोर्ट
Siwan News : हसनपुरा प्रखंड के पियाउर पंचायत के उजहरा गांव की बेटी कविता कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बिहार का गौरव बढ़ाया है. 29 से 31 मई तक असम के गुवाहाटी स्थित भोगेश्वरी फीका फूकानानी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 19 वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में कविता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए. जहां सीनियर 53 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिता में कविता ने नी-गी ग्रैपलिंग स्पर्धा में पश्चिम बंगाल की खिलाड़ी को नॉकआउट किया तथा हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी को 8-3 से पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया. वहीं गी ग्रैपलिंग प्रतियोगिता में हरियाणा की खिलाड़ी को 9-0 के एकतरफा मुकाबले में हराकर रजत पदक जीतने में सफलता प्राप्त की.

छोटे किसान की बेटी ने रचा इतिहास, अब वर्ल्ड ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम

उनके इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली वर्ल्ड ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. उजहरा गांव निवासी कविता कुमारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सहुली हाई स्कूल से प्राप्त की और वर्तमान में डीएवी कॉलेज, सीवान से स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई है. छोटे किसान रामविलास यादव की पुत्री कविता ने आर्थिक कठिनाइयों और सीमित संसाधनों के बावजूद अपने मजबूत इरादों और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सैकड़ों पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. पिछले नौ वर्षों से लगातार मेहनत कर रही कविता अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 35 स्वर्ण, 35 रजत और 25 कांस्य पदक जीत चुकी हैं. वर्ष 2025 की राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में भी उन्होंने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए. इसके अलावा हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय ग्रैपलिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक का दायित्व निभा चुकी हैं,साथ ही कराटे में भी कई स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं.

संघर्ष, समर्पण और सफलता की मिसाल बनी कविता

कविता समय-समय पर नि:शुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर बेटियों को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास के लिए प्रेरित करती हैं. उनके कोच मनीष तिवारी का कहना है कि उचित पोषण और आर्थिक सहयोग मिलने पर कविता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर सकती हैं. वहीं सहुली पंचायत के रफीपुर निवासी व बतौर ग्रेपलिंग खिलाड़ी श्रेया कुमारी ने कोंच की भूमिका निभाई.वहीं कविता की इस उपलब्धि पर बीडीओ आनन्द प्रकाश सिंह, सीओ उदयन सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश गुप्ता,उप चेयरमैन प्रतिनिधि तबरेज आलम उर्फ सोनू सहित स्थानीय मुखिया इम्तियाज अहमद आदि ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है.

Also Read : महिला और पुरुष शौचालय पर ताला, देसरी स्टेशन पर यात्रियों को भारी दिक्कत

विज्ञापन
YUVRAJ RATAN

लेखक के बारे में

By YUVRAJ RATAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन