सीवान बनेगा स्मार्ट सिटी, 38 हजार घरों को मिलेगा 2-2 डस्टबिन, प्रशासन का बड़ा एक्शन
Published by : Sakshi kumari Updated At : 10 Jun 2026 7:07 AM
समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक
Siwan News: समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए.
सीवान से विवेक कुमार सिंह
Siwan News: सीवान शहर में जलजमाव,कचरा प्रबंधन, जर्जर ड्रेनेज सिस्टम और बढ़ते ट्रैफिक दबाव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए. बैठक की अध्यक्षता सदर विधायक सह प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष मंगल पांडेय ने की. करीब तीन घंटे तक चली चर्चा में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
कचरा प्रबंधन में होगा बड़ा बदलाव
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया. विधायक मंगल पांडेय ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए अगले एक महीने के भीतर लगभग 20 बंद टिपर वाहनों की खरीद की जाएगी. इससे कचरा उठाव की प्रक्रिया तेज होगी और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी.
38 हजार घरों को मिलेगा दो-दो डस्टबिन
नगर परिषद क्षेत्र के 45 वार्डों में रहने वाले करीब 38 हजार परिवारों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो-दो डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे. प्रशासन का मानना है कि इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और शहर को साफ-सुथरा बनाने में मदद मिलेगी.
30 दिनों में पूरे होंगे नालों के मिसिंग लिंक
मानसून से पहले जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है. बैठक में बताया गया कि शहर के कई इलाकों में अधूरे ड्रेनेज नेटवर्क और नालों के मिसिंग लिंक के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है. विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर अगले 30 दिनों के भीतर सुधार कार्य पूरा किया जाए ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
सुबह-शाम होगी सफाई व्यवस्था की निगरानी
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वच्छता पदाधिकारी को सुबह और शाम दोनों समय सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का लक्ष्य है कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें.
1800 विकास योजनाओं की होगी जांच
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगर परिषद क्षेत्र में करीब 1800 योजनाएं संचालित हैं. कई परियोजनाओं में समन्वय की कमी और भुगतान संबंधी समस्याएं सामने आई हैं. इस पर सभी योजनाओं की जांच के लिए टीम गठित करने का फैसला लिया गया है. जांच के बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके.
गांधी मैदान और दाहा नदी का बदलेगा स्वरूप
शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई. गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया. वहीं दाहा नदी के सौंदर्यीकरण को लेकर भी पहल की जाएगी, जिससे शहर को नया और आकर्षक स्वरूप मिल सके.
जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे
उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने गांधी मैदान से चिराईघर तक नालियों की सफाई और चांप क्षेत्र में बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी. सशक्त स्थायी समिति सदस्य अर्चना देवी ने गणेश स्मारक प्राथमिक विद्यालय के अधूरे भवन निर्माण को पूरा कराने, जर्जर नाले के पुनर्निर्माण और कूड़ा प्वाइंट को स्थानांतरित करने की मांग उठाई. वहीं सदस्य पूजा देवी ने फतेहपुर बाइपास से महादेवा तक मुख्य नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाने और मानसून से पहले कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया.
सीवान को स्मार्ट और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
बैठक में लिए गए फैसलों को शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यदि तय समयसीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारा गया तो जलजमाव, कचरा प्रबंधन और ड्रेनेज जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










