सीवान जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से मचा हड़कंप, सील हुआ इलाका; डॉग स्क्वॉयड की जांच में मिले सिर्फ कपड़े
फूट ओवर ब्रिज पर तैनात सुरक्षाकर्मी एवं अधिकारी | Prabhat Khabar Network
सीवान रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से हड़कंप मच गया. डॉग स्क्वॉयड की जांच में बैग के अंदर केवल कपड़े मिले, जिससे सुरक्षा को खतरा नहीं था.
Siwan News: सीवान जंक्शन के फुट ओवरब्रिज (FOB) पर शुक्रवार की सुबह एक लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. सुबह करीब 8:35 बजे लावारिस हालत में पड़े बैग की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गईं. आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ के बाद जब किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया, तो सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित एहतियाती कदम उठाए.
आपके शहर में
मेटल डिटेक्टर से बीप बजते ही सील किया गया फुट ओवरब्रिज
सुरक्षाकर्मियों ने जब हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से बैग की जांच की, तो उसमें से लगातार बीप की आवाज आने लगी. किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया और पूरे क्षेत्र को कॉर्डन ऑफ (सील) कर दिया.
सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर ट्रेनों का परिचालन भी रोक दिया गया. मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर डायल-112 और स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई.
छपरा से पहुंचा डॉग स्क्वॉयड, 10 मिनट चली सघन जांच
संदिग्ध बैग की सूचना पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड को तत्काल संपर्क किया गया. सुबह करीब 10:45 बजे छपरा से आरपीएफ का विशेष डॉग स्क्वॉयड सीवान जंक्शन पहुंचा.
आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने 10:45 से 10:55 बजे तक बैग की सघन और वैज्ञानिक जांच की. जांच में बैग के भीतर किसी भी प्रकार के विस्फोटक या आपत्तिजनक पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों और यात्रियों ने राहत की सांस ली.

कपड़ों की चेन और मेटल बेल्ट के कारण बजा था डिटेक्टर
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब अधिकारियों की मौजूदगी में बैग को खोला गया, तो उसमें सामान्य कपड़े और निजी सामान मिले. जांच में स्पष्ट हुआ कि कपड़ों में लगी धातु की चेन (जिपर) और बेल्ट के बकल के कारण मेटल डिटेक्टर से बीप की आवाज आ रही थी.
क्या बोले आरपीएफ निरीक्षक
"प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि यह बैग किसी यात्री का है, जो ट्रेन पकड़ने या उतरने के दौरान छूट गया होगा. सुरक्षा की दृष्टि से बैग को आरपीएफ ने अपनी कस्टडी में ले लिया है. जांच के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से चल रहा है." — सुभाष चंद्र यादव, आरपीएफ निरीक्षक, सीवान जंक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए