पहली सोमवारी पर शिवभक्ति में डूबा सीवान का पंचमुखी शिव मंदिर, सुबह 3 बजे से भक्तों की लगी है कतार

मंदिर में तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस जवान
Siwan Panchmukhi Shiva Temple : सावन की पहली सोमवारी पर सीवान के पंचमुखी शिव मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पूरा शिवालय।
Siwan Panchmukhi Shiva Temple : सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार अहले सुबह से ही सीवान के महादेव रोड स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर-हर महादेव और जय शिव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
सुबह 3 बजे से लगी श्रद्धालुओं की कतार
मंदिर में सुबह करीब 3 बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित किया. कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक और सामूहिक पूजा भी कराई. मान्यता है कि सारण प्रमंडल का यह एकमात्र पंचमुखी शिव मंदिर है, जहां दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
प्राचीन कुएं के जल से किया गया जलाभिषेक
मंदिर परिसर स्थित प्राचीन कुएं से श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर भगवान शिव का अभिषेक किया. कुएं के पास लंबी कतारें लगी रहीं. स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को जल भरने और दर्शन करने में सहयोग किया. मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी.
सुरक्षा और यातायात के रहे विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई. महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई.
मेले में दिखी रौनक, प्रसाद और पूजा सामग्री की खरीदारी
मंदिर परिसर के आसपास मेले जैसा माहौल देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने प्रसाद, फूल, बेलपत्र और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी की. कई सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया, जिससे पूरा क्षेत्र शिवभक्ति और उत्साह के माहौल में सराबोर रहा.
पंडितों ने बताया सावन सोमवारी का महत्व
मंदिर के पंडितों ने बताया कि सावन माह की सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा करने का विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर भगवान शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं.
Also Read : सावन की पहली सोमवारी पर सीवान के दुर्गा मंदिर में हादसा, जलाभिषेक के दौरान फिसलकर गिरीं महिलाएं, 3 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











