सीवान : 76 दिन बाद सुलझा राहुल तुकाराम हत्याकांड, इस विवाद में हुई थी हत्या, गिरफ्तार आरोपियों ने खोले कई राज

Author Afjal anwar|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपियों को जेल ले जाती पुलिस

Siwan Rahul Tukaram Murder Case : सीवान में 76 दिन से अनसुलझे सर्राफा कारीगर राहुल तुकाराम हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. सोने के लेन-देन के विवाद में हुई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है.

विज्ञापन

Siwan Rahul Tukaram Murder Case : सीवान के महाराजगंज में सर्राफा कारीगर राहुल तुकाराम की हत्या के मामले का पुलिस ने 76 दिन बाद खुलासा कर दिया है. सारण के रसूलपुर थाना और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

76 दिन बाद ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा

महाराजगंज शहर के पुरानी बाजार में सोना गलाने का काम करने वाले महाराष्ट्र के सांगली जिले के आरपाड़ी थाना क्षेत्र स्थित गोरडवाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल तुकाराम की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बताया कि सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की पहचान जांच के दौरान राहुल तुकाराम के रूप में हुई थी.

30 अप्रैल को नहर किनारे मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को रसूलपुर थाना क्षेत्र के नवादा और बनपुरा गांव के बीच नहर किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई. शुरुआत में पहचान नहीं होने के कारण मामला ब्लाइंड मर्डर के रूप में दर्ज कर जांच शुरू की गई. बाद में महाराजगंज थाना में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान राहुल तुकाराम के रूप में हुई.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान रसूलपुर थाना पुलिस ने महाराजगंज थाना पुलिस के सहयोग से बाजार और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके आधार पर नखास चौक निवासी गोल्डेन सोनी उर्फ गोल्डी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथी आशीष और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की.

सोने के लेन-देन का विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लूट का सोना राहुल तुकाराम के पास गलाने के लिए लाते थे. इसी दौरान सोने के लेन-देन और कथित नकली सोने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई. वारदात के बाद आरोपियों ने राहुल का आईफोन, सोने की चेन और अन्य सामान लेकर फरार होने का प्रयास किया.

जंगल से बरामद हुई मृतक की बाइक

पुलिस ने गोल्डेन सोनी की निशानदेही पर 15 जुलाई को बलडीह जंगल से मृतक की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

शादी समारोह से लौटने के बाद हुए थे लापता

पुलिस के अनुसार राहुल तुकाराम 29 अप्रैल को महाराजगंज के पुरानी बाजार स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने नखास चौक स्थित एक मैरेज हॉल गए थे. सीसीटीवी फुटेज में वह 30 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे तक वहां दिखाई दिए. इसके बाद वह लापता हो गए और उसी दिन दोपहर उनका शव सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में बरामद हुआ था.

एसडीपीओ ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

एसडीपीओ अमन ने बताया कि मामले में महाराजगंज थाना क्षेत्र के नखास चौक निवासी स्व. सुनील कुमार सोनी के पुत्र गोल्डेन सोनी उर्फ गोल्डी और अंबेडकर नगर निवासी आशीष कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में दोनों ने सोने-चांदी के लेन-देन और लूट के माल से जुड़े विवाद को हत्या का कारण बताया है. एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है.

Also Read : महाराजगंज पीएचसी में बारिश के बाद जलजमाव, ओपीडी और इमरजेंसी तक पहुंचना हुआ मुश्किल, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को परेशानी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन