सीवान: ट्रांसफार्मर जलने से नाराज ग्रामीणों ने कदम मोड़ किया जाम, डेढ़ घंटे तक ठप रहा आवागमन

Author Pankaj Kumar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते उपभोक्ता | Prabhat Khabar Network

सीवान में बिजली संकट ने उग्र रूप ले लिया है. भदौरा रोड में ट्रांसफार्मर जलने से नाराज ग्रामीणों और दुकानदारों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया. डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन से यातायात व्यवस्था ठप रही.

विज्ञापन

सीवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीवान-लकड़ी मुख्य मार्ग स्थित कदम मोड़ पर मंगलवार की सुबह बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों और दुकानदारों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आपके शहर में

विज्ञापन

ग्रामीणों ने बताया कि भदौरा रोड में लगा ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले जल गया था. इसके बाद बिजली विभाग ने दो दिन पहले 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया. हालांकि स्थानीय लोगों ने पहले ही 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी. उनका कहना था कि क्षेत्र में बिजली की खपत अधिक है और 63 केवीए का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं होगा.

दो घंटे में ही जल गया नया ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने उनकी मांग को नजरअंदाज कर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया, जो चालू होने के करीब दो घंटे बाद ही जल गया. इसके बाद कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.

आश्वासन मिलने के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों और दुकानदारों ने मंगलवार की सुबह कदम मोड़ पर सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. बाद में प्रशासन की पहल पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने जल्द 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो गया.

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है.

Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन