सीवान में 103 साल पुराने मौनिया बाबा राजकीय मेले का भव्य आगाज, रातभर निकले महावीरी अखाड़े
दीप प्रज्वलित कर मेला का उद्घाटन करते सांसद विधायक व जिला पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
उत्तर बिहार के प्रसिद्ध मौनिया बाबा मेले का 103 वर्षों बाद दूसरी बार राजकीय स्तर पर भव्य आयोजन, जानें मेले की खास बातें और सुरक्षा व्यवस्था.
महाराजगंज (सीवान): एकता और भाईचारे के प्रतीक उत्तर बिहार के प्रसिद्ध मौनिया बाबा राजकीय महावीरी झंडा मेले का रंगारंग शुभारंभ गुरुवार की देर शाम हुआ. मौनिया बाबा के समाधि स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक हेमनारायण साह, डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी, एडीएम प्रमोद कुमार राम और एसडीओ अनिता सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया.
इसके बाद शहर के शहीद स्मारक परिसर में मेले का विधिवत उद्घाटन हुआ. राजेंद्र चौक, शहीद स्मारक चौक, बाटा मोड़ और दुर्गा चौक नखास स्थित मेला नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया गया. मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल को मौनिया बाबा का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
डीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील
सांसद ने कहा कि मौनिया बाबा का मेला 103 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है. दूसरी बार इसे राजकीय मेले के रूप में मनाया जा रहा है. कला एवं संस्कृति विभाग के कलाकार भी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. डीएम ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मेला संपन्न कराने में सहयोग की अपील की. एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
झांकियों को देखने उमड़ा लोगों का हुजूम
मेले के उद्घाटन के साथ ही विभिन्न समितियों की ओर से सजायी गयी जीवंत झांकियों के पट खोल दिये गये. शहर के अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गयीं. इन्हें देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ती रही. आधी रात के बाद महावीरी अखाड़ों का निकलना शुरू हुआ और पूरा शहर जयघोष से गूंज उठा.
नया बाजार में शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से अमरनाथ के बाबा बर्फानी, काजी बाजार में भारत माता, पुरानी बाजार में शिव-पार्वती, शिव मंदिर में राधा-कृष्ण, पकवा इनार में वृंदावन की तर्ज पर कला प्रदर्शनी और कपड़ा हट्टी में जानवरों की कला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही.
नागाजी के मठ में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना के बाद रात 12.30 बजे से विभिन्न अखाड़ों ने प्रदर्शन किया. प्रधान अखाड़ा नागाजी का मठ, काजी बाजार, मोहन बाजार, सिहौता प्रधान अखाड़ा, शिव मंदिर, पसनौली, नवलपुर और इंदौली के अखाड़ों ने देर रात तक प्रदर्शन किया. आयोजन समिति की ओर से पूरी रात प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था की गयी थी.
नियंत्रण कक्ष में जमे रहे प्रशासनिक अधिकारी
मेले को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नखास चौक स्थित मेला नियंत्रण कक्ष में एसडीओ अनिता सिन्हा, एसडीपीओ अमन, सीओ जितेंद्र पासवान, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और प्रबंधन समिति के सदस्य पूरी रात मौजूद रहे.
आज दोपहर 12 बजे के बाद बिजली आपूर्ति रहेगी बंद
मौनिया बाबा महावीरी झंडा मेले को लेकर शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. जेई आशीष रंजन ने उपभोक्ताओं से घरेलू एवं अन्य आवश्यक कार्य दोपहर 12 बजे से पहले पूरा कर लेने की अपील की है.
महाराजगंज व दरौंदा में आज बंद रहेंगे सभी स्कूल
मौनिया बाबा राजकीय सह महावीरी झंडा मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए 11 सितंबर को महाराजगंज और दरौंदा प्रखंड के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा. एसडीओ अनिता सिन्हा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार 12 सितंबर से सभी विद्यालय पूर्व की तरह संचालित होंगे.
मौके पर उप सचिव प्रो. सुबोध कुमार सिंह, प्रो. अभय कुमार सिंह, सुप्रिया कुमारी, रानी जायसवाल, राजकिशोर गुप्ता, त्रिपुरारी शरण सिंह, अजय कुमार सिंह, संजय सिंह राजपूत, मनीष कुमार सिंह, अमरजीत सिंह, हरिशंकर आशीष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए