सीवान: ज्ञानीमोड़ में निकला महावीरी अखाड़ा जुलूस, युवाओं ने दिखाये लाठी के पारंपरिक करतब
भावनृत्य दिखाता लीलामंडली का युवक | Prabhat Khabar Network
सीवान के ज्ञानीमोड़ में महावीरी अखाड़ा मेला का उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजन हुआ. विभिन्न गांवों से निकले अखाड़ा जुलूस में युवाओं ने जोश के साथ लाठी के करतब दिखाए, जबकि लीला मंडलियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया. घर-घर पहुंचाई गई हनुमानजी की प्रतिमाओं के साथ भक्ति का माहौल रहा.
Siwan News : बड़हरिया थाना क्षेत्र के ज्ञानीमोड़ में महावीरी अखाड़ा मेला को लेकर शनिवार की रात विभिन्न गांवों से अखाड़ा जुलूस निकाला गया. कैलखुर्द, कैलटोले बाजार, मलिक टोला और प्राणपुर के युवाओं ने रामभक्त हनुमानजी की प्रतिमा के साथ गाजे-बाजे के बीच जुलूस निकाला. इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा.
घर-घर पहुंचायी गयी हनुमानजी की प्रतिमा
अखाड़ा जुलूस में शामिल युवा हनुमानजी की प्रतिमा को गांव के विभिन्न घरों तक लेकर पहुंचे. यहां महिलाओं और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की तथा हनुमानजी को लड्डू का भोग लगाया. पूजा के बाद श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल युवाओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
पूजा-अर्चना का क्रम पूरा होने के बाद सभी अखाड़ों के जुलूस ज्ञानीमोड़ मेला स्थल पर पहुंचे. यहां अलग-अलग गांवों से आये अखाड़ों का मिलन हुआ. मेला स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही.
लीला मंडलियों ने प्रस्तुत कीं सांस्कृतिक झांकियां
अखाड़ों के साथ पहुंचीं लीला मंडलियों ने विभिन्न भावभंगिमाओं और प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन किया. भावनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया. देर रात तक मेला स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा.
इस दौरान युवाओं ने लाठी से विभिन्न प्रकार के पारंपरिक करतब दिखाये. युवाओं के प्रदर्शन को देखने के लिए मेला स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे. लाठी के करतब देखकर लोगों ने तालियां बजाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
अखाड़ा जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही. अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी बीएमपी जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहे. पुलिस की मौजूदगी में जुलूस का संचालन कराया गया और मेला स्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखी गयी.
अखाड़ा जुलूस के सफल संचालन में समाजसेवी रिंकू तिवारी, विनोद सिंह कुशवाहा, संतोष प्रसाद, प्रह्लाद प्रसाद, मुन्ना मद्देशिया, उपेंद्र सिंह, राकेश चौहान, कुंदन प्रसाद, इंद्रजीत कुमार, ओमप्रकाश सिंह, चंदन सिंह, सत्येंद्र मिश्र, अखिलेश मिश्र अधिवक्ता, हरेराम यादव, मुक्ति यादव, अभिनंदन यादव, अभय सिंह, अखिलेश सिंह और जयराम कुमार सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए