सीवान में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 9 सितंबर को रोजगार शिविर, 379 पदों पर होगी भर्ती
सीवान में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 9 सितंबर को एक दिवसीय निःशुल्क नियोजन-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इस शिविर में 379 रिक्त पदों पर भर्ती का अवसर मिलेगा, जिसमें 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं.
सीवान: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, सीवान द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सहयोग से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष निःशुल्क एक दिवसीय नियोजन-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर 9 सितंबर 2026, बुधवार को वीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, महादेवा रोड, सीवान में आयोजित होगा. शिविर का समय सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है.
आपके शहर में
379 रिक्त पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर
शिविर में यूथ फॉर जॉब्स फाउंडेशन, पटना के माध्यम से दिव्यांग अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा. कुल 379 रिक्त पदों पर भर्ती का अवसर मिलेगा. इनमें हाउसकीपिंग एसोसिएट, टेली कॉलिंग एग्जीक्यूटिव, कस्टमर कॉलिंग एग्जीक्यूटिव (वर्क फ्रॉम होम), सेल्समैन, पंप अटेंडेंट, कस्टमर एग्जीक्यूटिव, मटेरियल हैंडलर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, रीच ट्रक ऑपरेटर, वैन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव और प्रोडक्ट पिकर समेत अन्य पद शामिल हैं.
10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
विभिन्न पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गयी है. चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी के नियमानुसार 8 हजार से 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा पीएफ, ईएसआईसी समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी.
प्रमाण-पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी रोजगार इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है. अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर पहुंचने को कहा गया है.
सुबह 10 बजे से शुरू होगा शिविर
नियोजन-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की गयी है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए