सीवान के रघुनाथपुर में निजी विवाद को लेकर वृद्ध को दिनदहाड़े मारी गोली, दो हमलावरों ने की फायरिंग

Updated:
विज्ञापन

इलाजरत घायल

सीवान के रघुनाथपुर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पाटीदारों ने एक अधेड़ को दिनदहाड़े गोली मार दी. गोली लगने से घायल अभिमन्यु यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.

विज्ञापन

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर पाटीदारों ने एक वृद्ध को दिनदहाड़े गोली मार दी. गोली लगने से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान राजपुर गांव निवासी अभिमन्यु यादव के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

घटना के बाद परिजन घायल को इलाज के लिए रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.

घायल अभिमन्यु यादव ने बताया कि पाटीदारों के साथ करीब डेढ़ बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. बुधवार को बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. घटना के समय वह गांव के समीप स्थित अपनी मिठाई की दुकान पर था. दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान रास्ते में उसके दो पाटीदार पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. इसी दौरान एक गोली उसके दाहिने कंधे में लग गयी.

गोली लगने के बाद वह घायल हो गया. फायरिंग की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल रघुनाथपुर पीएचसी ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेज दिया गया.

इधर, गोलीकांड की जानकारी मिलने पर रघुनाथपुर थाना पुलिस राजपुर गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली. पुलिस जमीन विवाद समेत घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. घायल के बयान के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.

गोलियों की आवाज से सहमे ग्रामीण

राजपुर गांव में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी. पहले लोगों ने इसे पटाखे की आवाज समझा, लेकिन कुछ देर बाद अभिमन्यु यादव के गोली लगने से घायल होने की जानकारी मिली. इसके बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया.

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के दौरान करीब पांच राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है. घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

घटना के बाद दोनों आरोपित फरार

गोलीकांड की घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गये. सूचना मिलने पर रघुनाथपुर थाना पुलिस राजपुर गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

बताया जा रहा है कि गोलीकांड के पीछे पाटीदारों के बीच चल रहा पुराना जमीन विवाद मुख्य कारण है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच करने के साथ ही घायल के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

बोले एसडीपीओ

राजपुर में एक व्यक्ति को गोली लगी है, जो अभिमन्यु यादव हैं. मामले की जांच की जा रही है. घटना का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है.

- आनंद मोहन गुप्ता, एसडीपीओ सदर-2

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन