सीवान में रेलकर्मियों ने उठायी पुरानी पेंशन और बोनस की मांग, आठवें वेतन आयोग पर भी जोर
नव निर्मित कार्यालय का उद्घाटन करते सेवानिवृत रेलकर्मी एवं संघ के अधिकारी
सीवान में रेलकर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आवाज उठाई है, जिसमें पुरानी पेंशन योजना की बहाली, बोनस की सीमा बढ़ाना और आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करना शामिल है. यूनियन नेताओं ने रेल प्रशासन के सामने कर्मचारियों के हित से जुड़े कई अहम मुद्दे रखे.
पुरानी पेंशन की बहाली से लेकर बोनस की सीमा बढ़ाने और आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने तक. सीवान में मंगलवार को रेलकर्मियों से जुड़े कई अहम मुद्दे एक साथ उठे. एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस की सीवान शाखा के नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन समारोह में यूनियन नेताओं ने सरकार और रेल प्रशासन के सामने कर्मचारियों के हित से जुड़ी कई मांगें रखीं.
आपके शहर में
नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया. समारोह में रेल कर्मचारियों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
पुरानी पेंशन को बताया कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा
समारोह के विशिष्ट अतिथि एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष दुबे ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की गारंटी है. उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को लेकर कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश है.
उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा मानी जाने वाली पुरानी पेंशन योजना को हर हाल में बहाल करने की मांग की.
7000 रुपये की बोनस सीलिंग खत्म करने की मांग
मुख्य अतिथि एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस के महामंत्री अखिलेश पांडेय ने कहा कि यूनियन को मान्यता मिलने के बाद मात्र 18 माह में पूरे पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारी हितों से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आयी है. वर्षों से लंबित पदोन्नति और वित्तीय उन्नयन के मामलों का निष्पादन कराया गया है.
उन्होंने रेल मंत्रालय से पीएलबी बोनस की 7,000 रुपये की सीलिंग सीमा समाप्त करने की मांग की. साथ ही 21,000 रुपये के न्यूनतम वेतन के आधार पर बोनस की गणना करते हुए 53,855 रुपये बोनस भुगतान की मांग रखी.
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई समस्याओं का समाधान स्थायी वार्ता तंत्र के माध्यम से कराया गया है. लंबित मुद्दों का भी शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा.
आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की मांग
वाराणसी मंडल के मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ने आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने तथा एरियर सहित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग की.
उन्होंने कहा कि रेलवे के निजीकरण के विरोध में पूरे पूर्वोत्तर रेलवे में यूनियन की ओर से आंदोलन जारी है.
खाली पद भरने और 12 घंटे की ड्यूटी पर रोक की मांग
मंडल मंत्री राकेश पाल ने वाराणसी मंडल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की. उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे में जीडीसीई की रिक्तियों की संख्या बढ़ाने और 12 घंटे की ड्यूटी पर रोक लगाने की मांग भी रखी.
उन्होंने ट्रैकमैन के लिए 10 प्रतिशत इंटेक कोटा की अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग की.
बुके और मोमेंटो देकर अतिथियों का किया स्वागत
कार्यक्रम का संचालन सीवान शाखा के कोषाध्यक्ष रमैया मिश्रा ने किया. धन्यवाद ज्ञापन शाखा अध्यक्ष दीपक यादव ने किया. मंडल उपाध्यक्ष बिट्टू यादव ने अतिथियों को बुके एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया.
समारोह में हरिवंश यादव, तुफैल खान, अनिल कुमार, राजेश श्रीवास्तव, संतोष यादव, खुर्शीद आलम, आनंद पाठक, राजन पांडेय, हरिशंकर यादव, कृष्ण यादव, संजय तिवारी, दीपक कुमार, अब्दुल्ला खान, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए