सीवान में आठ राउंड फायरिंग, घर के बाहर चल रहे झगड़े को रोकने गए युवक को मारी गोली, PMCH रेफर

Author Pankaj Kumar|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन

घायल मुकेश कुमार श्रीवास्तव

Siwan Shooting : सीवान के खेड़ाय गांव में गुरुवार देर रात हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया. बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Siwan shooting : सीवान के आंदर थाना क्षेत्र के खेड़ाय गांव में गुरुवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

खेड़ाय गांव में आठ राउंड फायरिंग

जानकारी अनुसार, आंदर थाना क्षेत्र के खेड़ाय गांव में गुरुवार की देर रात करीब आठ राउंड फायरिंग होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग के दौरान गांव निवासी मुकेश कुमार श्रीवास्तव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को लगी गोली

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात खाना खाने के बाद मुकेश कुमार श्रीवास्तव घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान उनके घर के पीछे कुछ लोग आपस में झगड़ा और हंगामा कर रहे थे. शोर सुनकर जब उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया और लोगों से वहां हंगामा करने का कारण पूछा, तभी आरोपितों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली उनके पेट के बाएं हिस्से में लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े.

गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल मुकेश को आंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया. चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच भेज दिया, जहां उनका उपचार जारी है.

पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही आंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

शराब तस्करों की गतिविधियों पर ग्रामीणों ने जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि खेड़ाय गांव और आसपास के इलाकों में लंबे समय से शराब तस्करों की गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिलती रही है. देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना रहता है. ग्रामीणों का आरोप है कि इस गोलीबारी के पीछे भी शराब तस्करों का हाथ हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ग्रामीणों ने शराब तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है.

पटना में चल रहा इलाज

मुकेश कुमार श्रीवास्तव का इलाज फिलहाल पटना पीएमसीएच में चल रहा है. परिजनों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है.

Also Read: सीवान में 1919 तक के जमीन रजिस्ट्री रिकॉर्ड होंगे ऑनलाइन, पेपरलेस होगी पूरी निबंधन प्रक्रिया


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन