सीवान में महावीरी झंडा जुलूस के दौरान डीजे और अश्लील डांस, अध्यक्ष समेत 16 नामजद पर FIR
AI से बनाई गई तस्वीर
सीवान के हुसैनगंज में प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद महावीरी झंडा जुलूस में डीजे बजाने और अश्लील डांस करने पर अध्यक्ष समेत 16 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Siwan News : हुसैनगंज थाना क्षेत्र में महावीरी झंडा जुलूस के दौरान प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना कर डीजे बजाने और अश्लील नृत्य कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. हुसैनगंज थाने में महावीरी झंडा जुलूस के अध्यक्ष समेत 16 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मामले में वीडियोग्राफी भी करायी है और निर्धारित नियमों के उल्लंघन को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
आपके शहर में
बैठक में पहले ही डीजे और अश्लील डांस पर लगायी गयी थी रोक
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को हुसैनगंज थाना परिसर में महावीरी अखाड़ा और झंडा जुलूस के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर थाना क्षेत्र के सभी लाइसेंसधारियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक की गयी थी. बैठक में लाइसेंस की शर्तों की जानकारी देते हुए जुलूस में डीजे बजाने और अश्लील डांस नहीं कराने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था. जिला प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से भी डीजे और अश्लील डांस पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गयी थी.
रोक के बावजूद शाम तक बजता रहा डीजे
पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर को करीब दोपहर दो बजे ग्राम हबीबनगर हाता में महावीरी झंडा जुलूस के दौरान सरकारी आदेश और निर्धारित शर्तों की अनदेखी की गयी. जुलूस के अध्यक्ष, सदस्यों और डीजे संचालक पर नियमों के विपरीत डीजे बजाने का आरोप है. पुलिस के अनुसार शाम करीब आठ बजे तक डीजे बजाया गया और इसके साथ अश्लील आर्केस्ट्रा डांस भी कराया गया.
वीडियोग्राफी कराकर जुटाये गये साक्ष्य
घटना की पुलिस द्वारा वीडियोग्राफी भी करायी गयी है. पुलिस ने इसी आधार पर जुलूस के आयोजन से जुड़े लोगों और अन्य व्यक्तियों की गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया है. मामले में सरकारी आदेश और जुलूस के लिए निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
अध्यक्ष समेत 16 नामजद, 50-60 अज्ञात पर केस
हुसैनगंज थाना पुलिस ने महावीरी झंडा जुलूस के अध्यक्ष समेत उसके सदस्यों, डीजे और आर्केस्ट्रा संचालक तथा 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है.
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन और सीवान पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और निर्देशों का पूरी तरह पालन करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी आदेश और आयोजन की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए