सीवान जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 31 अगस्त को, 1255 अधिवक्ता करेंगे मतदान
जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय
सीवान जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. 31 अगस्त को होने वाले इस महत्वपूर्ण चुनाव में 1255 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव आयोग ने मतदान, मतदाता सूची और अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए अंतिम रूप दे दिया है.
Siwan Election: जिला अधिवक्ता संघ सीवान के द्विवार्षिक चुनाव सत्र 2026-28 को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. 31 अगस्त को होने वाले चुनाव में कुल 1255 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान को लेकर शनिवार को मुख्य चुनाव पदाधिकारी शिवनाथ सिंह और चुनाव पदाधिकारी रवीन्द्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में चुनाव आयोग की बैठक हुई. इसमें मतदान केंद्र, मतदाता सूची और अधिवक्ताओं की सुविधाओं को लेकर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की गयी.
आपके शहर में
तीन मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
चुनाव के लिए संघ परिसर के भवन संख्या-2 में तीन मतदान केंद्र बनाये गये हैं. मतदान केंद्र संख्या-1 पर क्रम संख्या 1 से 418 तक के मतदाता मतदान करेंगे.
मतदान केंद्र संख्या-2 पर क्रम संख्या 419 से 836 तक और मतदान केंद्र संख्या-3 पर क्रम संख्या 837 से 1255 तक के अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
बूथ के सामने चस्पा की गयी मतदाता सूची
मतदाताओं को बूथ ढूंढने में परेशानी न हो, इसके लिए तीनों मतदान केंद्रों के सामने अलग-अलग मतदाता सूची चस्पा की गयी है. मुख्य द्वार पर भी बूथवार मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी.
इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए पूरी मतदाता सूची संघ के आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप पर भी उपलब्ध करायी गयी है. इससे अधिवक्ता मतदान से पहले अपना क्रमांक और संबंधित मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
पेयजल और पंडाल की रहेगी व्यवस्था
चुनाव आयोग की ओर से मतदान के दिन मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, वाटरप्रूफ पंडाल, कुर्सी और कूलर की व्यवस्था की गयी है. गर्मी और संभावित बारिश को देखते हुए इन व्यवस्थाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
संघ परिसर के अंदर प्रचार पर रोक
चुनाव समिति ने सभी प्रत्याशियों से मतदान के दिन चुनाव प्रचार को लेकर अपील की है. समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रत्याशी संघ परिसर के अंदर प्रचार-प्रसार नहीं करेंगे.
मतदान के दिन प्रचार केवल मुख्य द्वार के बाहर ही किया जा सकेगा, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.
चुनाव की तैयारियां पूरी
मुख्य चुनाव पदाधिकारी शिवनाथ सिंह ने बताया कि चुनाव को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बूथवार व्यवस्था की गयी है.
उन्होंने सभी अधिवक्ता मतदाताओं से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मतदान में भाग लेने की अपील की.
चुनाव समिति के सदस्य रहे मौजूद
चुनाव आयोग की बैठक में रवीन्द्र सिंह, कल्पनाथ सिंह, संजय कुमार सिंह, सत्येन्द्र मिश्र, मनोज कुमार, रूपेश कुमार वर्मा, म. मकसूद, चन्द्रशेखर सिंह, जीवनाथ पाठक, सुनील कुमार सिंह-2, विपीन कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार श्रीवास्तव और संजीत कुमार सिंह समेत चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए