सीवान के दरौंदा में बिना वैध लाइसेंस चल रहा दिव्य ज्योति चाइल्ड केयर सील, निजी क्लीनिकों में हड़कंप
सील करते सीओ वेदप्रकाश नारायण एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी विकास कुमार भारद्वाज
Divya Jyoti Child Care Sealed: सीवान के दरौंदा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासन ने दिव्य ज्योति चाइल्ड केयर क्लिनिक को सील कर दिया है. यह कार्रवाई बिना वैध लाइसेंस के क्लिनिक के संचालन की शिकायतों के बाद की गई है. इस घटना ने क्षेत्र के अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में चिंता पैदा कर दी है.
Divya Jyoti Child Care Sealed: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित दिव्य ज्योति चाइल्ड केयर के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लीनिक परिसर को सील कर दिया. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई का नेतृत्व अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने किया. इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास भारद्वाज सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
आपके शहर में
बिना वैध लाइसेंस संचालन की मिली थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, दिव्य ज्योति चाइल्ड केयर के बिना वैध लाइसेंस संचालित होने की शिकायत वरीय अधिकारियों से की गयी थी. बताया जाता है कि एक मरीज के अभिभावक की ओर से क्लीनिक के संचालन को लेकर शिकायत की गयी थी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की.
गुरुवार को सीओ वेद प्रकाश नारायण के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम क्लीनिक परिसर पहुंची. टीम ने क्लीनिक के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करने के साथ ही इसके संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली. जांच-पड़ताल के बाद प्रशासन ने क्लीनिक परिसर को सील कर दिया.

डॉ. अरुण कुमार करते थे संचालन
बताया जाता है कि दिव्य ज्योति चाइल्ड केयर का संचालन डॉ. अरुण कुमार द्वारा किया जा रहा था. प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्लीनिक में संचालित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं. हालांकि, कार्रवाई के समय क्लीनिक में कितने मरीज मौजूद थे और उनके लिए वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था की गयी या नहीं, इस संबंध में प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है.
निजी स्वास्थ्य संस्थानों में मचा हड़कंप
प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के संचालित होने वाले निजी स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप की स्थिति है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े किसी भी संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों, मानकों और आवश्यक लाइसेंस के तहत ही किया जाना चाहिए.
स्थानीय लोगों ने भी निजी क्लीनिकों और चाइल्ड केयर सेंटरों के संचालन की नियमित जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी से मरीजों को सुरक्षित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
पुलिस बल की मौजूदगी में सील हुआ क्लीनिक
क्लीनिक को सील किए जाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा. कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. प्रशासन की ओर से मामले की आगे जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी रहने की बात कही गयी है.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए