सीवान में दो पक्षों में मारपीट और बाइक जलाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन
पूर्व के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, बाइक जलाने का आरोप

सीवान के करुआ गांव में पूर्व विवाद के चलते दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. एक पक्ष ने बाइक जलाने का आरोप लगाया, तो दूसरे पक्ष ने रंगदारी मांगने और मारपीट का दावा किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

सीवान. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करुआ गांव में पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एक पक्ष ने बाइक में आग लगाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने रंगदारी मांगने, मारपीट करने और खुद बाइक जलाने का आरोप लगाया है.

एक पक्ष ने लगाया बाइक जलाने का आरोप

प्रदुमन यादव की मां श्यामपति देवी ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र बाइक से बाजार जा रहा था. इसी दौरान गांव के करण सिंह और उनके परिजनों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट की.

उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपितों ने प्रदुमन यादव की बाइक में आग लगा दी, जिससे बाइक पूरी तरह जल गई. उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

दूसरे पक्ष ने रंगदारी और धमकी का लगाया आरोप

वहीं दूसरे पक्ष के करण सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद अपने भाई देवेंद्र सिंह की दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान प्रदुमन यादव वहां पहुंचा और हाथ में पिस्टल लेकर गाली-गलौज करने लगा.

करण सिंह का आरोप है कि प्रदुमन यादव ने उनके निर्माणाधीन मकान के बदले पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी और रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. विरोध करने पर पिस्टल के बट से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है.

निर्माणाधीन मकान पर मारपीट का भी आरोप

करण सिंह ने बताया कि जान बचाने के लिए वह दलित बस्ती के एक घर में जाकर छिप गए. उनका आरोप है कि इसके बाद प्रदुमन यादव ने अपनी ही बाइक में आग लगा दी और निर्माणाधीन मकान पर पहुंचकर वहां काम कर रहे मिस्त्रियों और मजदूरों के साथ मारपीट की.

उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनका परिवार भय के माहौल में है.

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले में प्रदुमन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस बाइक में आग लगने की घटना की भी जांच कर रही है.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है. बाइक में आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Pankaj Kumar

लेखक के बारे में

By Pankaj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन