छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सीवान में हाई अलर्ट, प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात

फतेहपुर बाइपास मोड़ पर तैनात पुलिस अधिकारी
Siwan News : सीवान में छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.
Siwan News : प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सीवान जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है.
प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्टैटिक फोर्स की तैनाती के साथ पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पर्याप्त पुलिस बल को तैयार रखा गया है.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
प्रदर्शन का आह्वान करने वाले संगठन की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है कि कार्यक्रम छात्रों की मांगों के समर्थन और हालिया आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. संगठन ने सभी प्रतिभागियों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है.
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों पर बढ़ाई गई निगरानी
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे की स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच भी सतर्क है. सीवान जंक्शन से दिल्ली जाने वाले संभावित छात्र समूहों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा सभी सूचनाएं लगातार वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही हैं.
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर
बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों की लगातार निगरानी की जा रही है. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. अफवाह फैलाने वालों और सार्वजनिक अथवा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने, हिंसा फैलाने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पूरे दिन संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी बनी रहेगी.
Also Read : पश्चिम बंगाल के बीएसएफ कैंप में फायरिंग, सारण के हवलदार अजय सिंह की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










