सीवान पहले पुल टूटा,अब रास्ता बहा तो हरकत में आया प्रशासन, एसडीओ ने डायवर्सन निर्माण का दिया निर्देश

Updated:
विज्ञापन

महम्मदपुर में निरीक्षण करती एसडीओ | Prabhat Khabar Network

गोरेयाकोठी में गड़की नदी पर पुल टूटने और मानसून में अस्थायी रास्ता बह जाने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया है और डायवर्सन बनाने का निर्देश दिया है. नए पुल का निर्माण अभी भी अधर में है.

विज्ञापन

Siwan News : सीवान जिले के गोरेयाकोठी प्रखंड के महम्मदपुर पंचायत भवन के समीप गड़की नदी पर पुल टूटने और अस्थायी रास्ता बह जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. शनिवार को महाराजगंज की अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिन्हा ने अधिकारियों की टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीण कार्य विभाग को तत्काल डायवर्सन बनाकर आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

लोगों की परेशानी दूर करने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीओ अनीता सिन्हा ने कहा कि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग को बिना विलंब डायवर्सन निर्माण शुरू कर आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया.

एक साल बाद भी शुरू नहीं हो सका पुल निर्माण

महम्मदपुर पंचायत भवन के पास गड़की नदी पर बना पुराना पुल वर्ष 2025 में जर्जर होने के कारण ध्वस्त कर दिया गया था. उसी वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए पुल का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया था. इसके बावजूद एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. बताया जा रहा है कि आवश्यक एनओसी नहीं मिलने के कारण मामला विभागीय प्रक्रिया में लंबित है.

अस्थायी रास्ता भी बहा, कई गांवों का संपर्क टूटा

पुल टूटने के बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से अस्थायी रास्ता बनाया था, लेकिन हाल की मानसूनी बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने से वह भी बह गया. इसके कारण महम्मदपुर समेत चार से पांच गांवों का सीधा संपर्क टूट गया है. लोगों को अब कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को हो रही है.

शिकायत के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान

स्थानीय अधिवक्ता प्रफुल्ल रंजन ने इस समस्या को लेकर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में पूर्व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के डायवर्सन निर्माण संबंधी आदेश का भी उल्लेख किया गया था, जिस पर अब तक अमल नहीं हुआ था. शिकायत के बाद एसडीओ अनीता सिन्हा, बीडीओ डॉ. अभय कुमार, अंचलाधिकारी अतुल कुमार सिंह और ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं ने मौके का निरीक्षण किया.

ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की

निरीक्षण के बाद एसडीओ ने डायवर्सन निर्माण जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच के बाद लोगों की सुविधा को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं ग्रामीणों ने मांग की कि डायवर्सन के साथ-साथ नए पुल का निर्माण भी शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि हर वर्ष बरसात में होने वाली इस समस्या से स्थायी समाधान मिल सके.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन