सीवान में 24 साल के युवक की मौत, बहन की शादी के लिए खरीदी थी अंगूठी, फिर क्या हुआ?
मृतक का फाईल फ़ोटो
सीवान में जय प्रकाश नगर में 24 वर्षीय युवक विशु कुमार की मौत से सनसनी फैल गई. घर की ऊपरी मंजिल पर कमरे में मृत मिले युवक की मौत का रहस्य गहरा गया है. परिजनों के अनुसार, युवक अपनी बहन की शादी के लिए अंगूठी खरीद कर लाया था.
Siwan News: नगर थाना क्षेत्र के जय प्रकाश नगर में बुधवार को 24 वर्षीय युवक की मौत से सनसनी फैल गयी. युवक अपने घर की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में मृत मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान जय प्रकाश नगर निवासी वृजमोहन प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र विशु कुमार के रूप में हुई है.
आपके शहर में
परिजनों के अनुसार विशु थाना रोड में करीब आठ से दस वर्षों से ठेला लगाकर सामान बेचता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. बुधवार की सुबह वह अपने मझले भाई के साथ घर से निकला था और रोज की तरह अपनी दुकान लगायी थी. इसके बाद वह घर लौट आया और ऊपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में चला गया.

आवाज देने के बाद भी नहीं खोला दरवाजा
परिजनों ने बताया कि कमरे में जाने के बाद विशु ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. उसकी बड़ी भाभी ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने अपने पति विशाल को इसकी जानकारी दी. बड़े भाई के घर पहुंचने के बाद भी जब विशु ने दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
अंदर की स्थिति देखकर परिजन घबरा गये. इसके बाद उसे तत्काल नीचे उतारकर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल टीओपी प्रभारी सुजीत कुमार इमरजेंसी वार्ड पहुंचे. उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रथम दृष्टया युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की नगर थाना पुलिस जांच कर रही है.
तनाव में रहने की बात कह रहे परिजन
परिजनों के अनुसार विशु पिछले कुछ समय से तनाव में था और उसकी तबीयत भी खराब चल रही थी. परिवार के लोगों ने उसका इलाज भी कराया था. हालांकि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी परिजनों को नहीं है.
बहन की शादी के लिए मंगलवार को खरीदी थी अंगूठी
परिजनों ने बताया कि विशु की बहन की शादी दिसंबर में होनी है. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सामानों की खरीदारी भी की जा रही थी. इसी क्रम में विशु ने मंगलवार की शाम अपनी बहन के लिए स्वयं जाकर अंगूठी खरीदी थी. इसके अगले ही दिन उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए