नल-जल योजना प्रभावित, पानी के लिए भटक रहे लोग, वार्ड पार्षद ने लगाया भेदभाव का आरोप

Updated:
विज्ञापन
 नप क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया, चापाकल सूखने से बढ़ी परेशानी

सांकेतिक तस्वीर

पुपरी नगर क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है. अधिकांश चापाकल सूख चुके हैं और नल-जल योजना भी अनियमित जलापूर्ति कर रही है. लोग पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, वहीं वार्ड पार्षद ने भेदभाव का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: भीषण गर्मी के बीच पुपरी नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 17, 20 समेत अन्य इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है. चापाकलों के सूख जाने और नल-जल योजना की अनियमित जलापूर्ति के कारण लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है.

Pupri News: चापाकल सूखे, पानी के लिए भटक रहे लोग

वार्ड संख्या 17 के राजू गुप्ता, मुकेश कुमार, संजय सिंह तथा वार्ड संख्या 20 के दिनेश्वर मिश्र, अनुज कुमार और अरविंद कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश चापाकल पूरी तरह सूख चुके हैं. जो कुछ चापाकल चल रहे हैं, उनसे काफी मशक्कत के बाद बहुत कम पानी निकल रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

नल-जल योजना भी नहीं दे पा रही राहत

स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवार अपने खर्च पर समरसेबल लगवा रहे हैं, जबकि अधिकांश लोग नल-जल योजना पर निर्भर हैं. लेकिन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और अन्य तकनीकी कारणों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है. इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है.

वार्ड पार्षद ने लगाया भेदभाव का आरोप

वार्ड संख्या 17 के वार्ड पार्षद गणेश कुमार ने कहा कि उनके वार्ड में नल-जल योजना के बोर्ड लगे हैं, लेकिन पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य वार्डों में पाइपलाइन मरम्मत और नए नल लगाए जा रहे हैं, जबकि उनके वार्ड की अनदेखी की जा रही है.

नगर परिषद ने टैंकर से जलापूर्ति का किया दावा

कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल ने वार्ड पार्षद के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रभावित वार्डों में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. साथ ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत के लिए मिस्त्री कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

यह भी पढ़ें: पहली बार पटना पहुंचे सनी देओल, बोले- बिहार मेरे लिए खास, अब 'सम्राट अशोक' पर बनाना चाहता हूं फिल्म


विज्ञापन
Baidnath Thakur

लेखक के बारे में

By Baidnath Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन