अगर बुखार के साथ शरीर दर्द और कमजोरी है, तो इसे नजरअंदाज न करें; डॉक्टरों ने दी चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
फोटो -- सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीज को देखते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीज को देखते चिकित्सक

सीतामढ़ी में मौसम के बदलाव के साथ वायरल फीवर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. अस्पतालों में बुखार, शरीर दर्द और सर्दी-जुकाम की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों की सलाह है कि इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें.

विज्ञापन

Sitamarhi News: जिले में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव, उमस और बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण वायरल फीवर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार, शरीर दर्द और सर्दी-जुकाम की शिकायत लेकर मरीज लगातार पहुंच रहे हैं.

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्रतिदिन तीन से चार मरीज वायरल फीवर की शिकायत के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं इस महीने औसतन 40 से 50 मरीजों का इलाज किया गया है.

मौसम बदलते ही बढ़ी मरीजों की संख्या

चिकित्सकों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द, कमजोरी, गले में खराश और सर्दी-जुकाम जैसी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है.

शहर के शिवगंगा इमरजेंसी हॉस्पिटल, एसआर सीटी हॉस्पिटल और नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल समेत कई निजी अस्पतालों में भी वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ी है.

निजी अस्पतालों में भी बढ़ रही भीड़

शिवगंगा इमरजेंसी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके अस्पताल में प्रतिदिन करीब 10 मरीज वायरल फीवर की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं.

उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उचित इलाज और सावधानी बरतने से अधिकांश मरीज जल्द स्वस्थ हो रहे हैं.

क्यों फैलता है वायरल फीवर

डॉक्टरों के अनुसार वायरल फीवर किसी एक वायरस से नहीं, बल्कि कई तरह के वायरस के संक्रमण से होता है.

मौसम में अचानक बदलाव, बारिश के बाद बढ़ी नमी, दूषित पानी, कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से इसके फैलने का खतरा बढ़ जाता है.

वायरल फीवर के प्रमुख लक्षण

  • तेज या लगातार बुखार.
  • शरीर और जोड़ों में दर्द.
  • सिरदर्द.
  • गले में खराश.
  • सर्दी-जुकाम.
  • कमजोरी और थकान.
  • भूख कम लगना.

डॉक्टरों की सलाह, इन बातों का रखें ध्यान

चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने, ताजा और पौष्टिक भोजन करने तथा भीगने के बाद तुरंत सूखे कपड़े पहनने की सलाह दी है.

इसके अलावा हाथों की नियमित सफाई रखें और बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें.

यदि दो से तीन दिन तक लगातार बुखार बना रहे, सांस लेने में तकलीफ हो या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है.


विज्ञापन
चंद्र मोहन झा

लेखक के बारे में

By चंद्र मोहन झा

चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन