दो दिन की बारिश में डूबा सीतामढ़ी शहर, जल निकासी व्यवस्था हुई बेअसर
पानी से भरे सदर अस्पताल परिसर में व्हीलचेयर से मरीज को वार्ड में ले जाते परिजन
सीतामढ़ी शहर में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. नगर निगम की टीम जल निकासी के लिए जुटी है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है.
Sitamarhi News: लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने सीतामढ़ी नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर के कई प्रमुख इलाकों और मोहल्लों में पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. नगर निगम की टीम सीवर सक्शन मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से जल निकासी में जुटी है, लेकिन कई स्थानों पर अब भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है.
कोट बाजार से पुनौरा रोड तक कई इलाके जलमग्न
लगातार बारिश के कारण सदर अस्पताल, कोट बाजार, गोला रोड, जानकी स्थान, गौशाला, मुरलिया चक, मधुबन, पुनौरा रोड, रीगा रोड, भारती नगर, चकमहिला, भवदेवपुर, बरियारपुर, कमला गार्डेन, बसवरिया, लक्ष्मीनगर, शांतिनगर, राजोपट्टी, प्रतापनगर, आदर्शनगर, रघुनाथपुरी, गोविंदनगर और शिवपुरी समेत कई इलाकों में जलजमाव हो गया. सबसे अधिक परेशानी वार्ड संख्या-19 के मोहल्लों में देखी जा रही है.
नगर निगम सीवर सक्शन मशीन से कर रहा पानी की निकासी
जलजमाव की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम स्वच्छता पदाधिकारी गौतम कुमार एवं आशीष कुमार के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची. सीवर सक्शन मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से पानी निकालने का कार्य लगातार जारी है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके.
जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे नाला निर्माण और स्थायी जल निकासी व्यवस्था के अभाव में हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है. सड़कों पर पानी भर जाने से पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अगले कुछ दिनों में बढ़ सकती है परेशानी
यदि अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति और गंभीर हो सकती है. लोगों ने नगर निगम से स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने और अधूरे नालों का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: पप्पू यादव पर हमले के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










