सीतामढ़ी: पुनौरा धाम विकास कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, जलजमाव के शीघ्र समाधान का निर्देश
एजेंसी के प्रतिनिधियों व विभिन्न विभागों के अधिकारी
सीतामढ़ी के डीएम तनय सुल्तानिया ने पुनौरा धाम मंदिर के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जलजमाव की समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए. विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास कार्यों को गति देने के लिए डीएम तनय सुल्तानिया ने रविवार को समीक्षा बैठक की. मंदिर परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंदिर निर्माण समेत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी
बैठक में निर्माण एजेंसी अहलूवालिया कांट्रैक्ट (इंडिया) लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने डीएम को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. उपलब्ध मानव संसाधन, मशीनरी, निर्माण सामग्री और उपकरणों के साथ अस्थायी निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गयी. सड़क नेटवर्क, संपर्क मार्ग और परिसर से जुड़े अन्य आधारभूत ढांचागत कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई.
डीएम ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किये जाएं. उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम परियोजना सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है. ऐसे में निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति में निरंतरता बनाए रखना जरूरी है.
जलजमाव की समस्या पर डीएम ने जतायी चिंता
बैठक के दौरान मंदिर परिसर में जलजमाव की समस्या भी प्रमुखता से उठी. डीएम ने नगर निगम और बुडको के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान करने को कहा, ताकि परिसर में चल रहे विकास कार्यों और लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो.
लंबित प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश
डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और अभियंताओं को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय के साथ निर्माण कार्यों को निर्बाध गति से आगे बढ़ाया जाए.
निर्माण स्थल का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद डीएम तनय सुल्तानिया ने पुनौरा धाम मंदिर निर्माण स्थल और परिसर में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. मौके पर डीडीसी श्वेता भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर सीतामढ़ी में 10 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, समारोह में 85 सदस्य रहे मौजूद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए