सीतामढ़ी: मानसून की सक्रियता से मौसम हुआ सुहाना, अगले दो दिनों में भारी बारिश के संकेत

शनिवार को आसमान में छाए बादल. | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी में मानसून सक्रिय होने से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
Sitamarhi weather update: सीतामढ़ी जिले में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ती दिख रही है. शनिवार की सुबह जिले के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. इस बारिश के बाद मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया है और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले में बारिश का यह सिलसिला लगातार जारी रहने की संभावना है.
रविवार को छाए रहेंगे बादल, 33 डिग्री तक रहेगा तापमान
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि शनिवार देर शाम भी जिले में बारिश की 95 प्रतिशत तक संभावना बनी हुई थी. उन्होंने आगामी दिनों के मौसम के मिजाज को लेकर बताया कि रविवार को मौसम में कुछ आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है. दिन में करीब दो-से-तीन घंटे धूप निकलने की उम्मीद है, लेकिन इसके साथ ही बारिश के आसार भी लगातार बने रहेंगे. रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है. तापमान में आ रही इस गिरावट और बादलों की आवाजाही से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
सोमवार और मंगलवार को धूप निकलने के आसार कम, झमाझम होगी बारिश
डॉ. प्रसाद ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया कि सोमवार और मंगलवार को जिले में धूप निकलने की संभावना बेहद कम है. इन दोनों दिन जिले के आसमान में पूरी तरह बादल छाए रहेंगे और अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है.
धान की खेती को मिलेगी रफ्तार, किसानों की चिंता हुई दूर
पिछले कुछ दिनों से मानसून की बेरुखी और कम बारिश के कारण जिले के किसान बेहद चिंतित थे. धान की रोपनी और खेती के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए किसानों को पर्याप्त और अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार था. अब मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश की संभावना जताए जाने से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे कृषि कार्यों को नई गति मिलेगी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में मानसून अब धीरे-धीरे पूरी तरह सक्रिय हो रहा है. यदि बारिश का यही क्रम आगे भी जारी रहा, तो जिले में जल संकट दूर होगा और खेती-किसानी से जुड़ी परेशानियां काफी हद तक कम हो जाएंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










