रजिस्टर में 240 बच्चे, स्कूल में मिले 140... जांच में खुली MDM व्यवस्था की परतें
मिड डे मील की सांकेतिक तस्वीर (AI जेनरेटेड)
सीतामढ़ी के मवि गौसनगर उर्दू में एमडीएम जांच के दौरान छात्रों की उपस्थिति और खाद्यान्न स्टॉक में अंतर मिला. मामले में डीपीओ ने प्रधान शिक्षक से जवाब मांगा है और दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
सीतामढ़ी स्कूल एमडीएम: स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना यानी एमडीएम के चावल और राशि में गड़बड़ी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब रून्नीसैदपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय गौसनगर उर्दू में जांच के दौरान अनियमितता सामने आई है. जांच में छात्रों की उपस्थिति और खाद्यान्न के स्टॉक में अंतर मिलने के बाद एमडीएम के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है. मामले में आगे आर्थिक दंड की कार्रवाई भी हो सकती है.
आपके शहर में
औचक जांच में खुली गड़बड़ी की परतें
जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को एमडीएम डीपीओ की ओर से मध्य विद्यालय गौसनगर उर्दू की जांच कराई गई थी. जांच के दौरान स्कूल में कक्षा एक से आठ तक कुल 402 बच्चे नामांकित पाए गए.
उपस्थिति पंजी में उस दिन 240 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी, जबकि जांच के समय स्कूल में भौतिक रूप से सिर्फ 140 बच्चे मौजूद मिले. उपस्थिति के आंकड़ों में इस बड़े अंतर को लेकर सवाल उठे हैं.
खाद्यान्न के स्टॉक में भी मिला अंतर
जांच के दौरान पोषाहार पंजी में 1452 किलोग्राम खाद्यान्न दर्ज पाया गया. वहीं भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 25 बैग खाद्यान्न उपलब्ध मिले. खाद्यान्न की मात्रा और रिकॉर्ड में दर्ज स्थिति की जांच की जा रही है.
इसके अलावा विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक भी 25 जुलाई के बाद आयोजित नहीं होने की बात सामने आई. स्कूल में एमडीएम व्यवस्था और अन्य अभिलेखों की स्थिति को लेकर भी जांच के दौरान कई सवाल खड़े हुए हैं.
प्रधान शिक्षक से मांगा गया स्पष्टीकरण
एमडीएम डीपीओ ने संबंधित प्रधान शिक्षक को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. साथ ही छात्र उपस्थिति पंजी, पोषाहार पंजी, चखना पंजी, गुणवत्ता से संबंधित अभिलेख और छात्र लाभांवित प्रमाण पत्र की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति उपलब्ध कराने को कहा गया है.
प्रधान शिक्षक से प्राप्त जवाब और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. मामले में अनियमितता की पुष्टि होने पर आर्थिक दंड समेत विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों की उपस्थिति और खाद्यान्न वितरण की नियमित निगरानी की जाती है. ऐसे में रून्नीसैदपुर के इस स्कूल में जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं ने एमडीएम व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढे़ं:
उत्तर बिहार में 1 सितंबर तक भारी बारिश के आसार, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए