प्रभात खबर इंपैक्ट: कोट बाजार की जलजमाव समस्या दूर करने के लिए गोला चौक पर शुरू हुआ नाला निर्माण

Updated:
विज्ञापन
प्रभात खबर में बीते दिन प्रकाशित खबर. | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर में बीते दिन प्रकाशित खबर

प्रभात खबर की खबर का असर, सीतामढ़ी के कोट बाजार में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम ने शुरू किया नाला निर्माण कार्य।

विज्ञापन

Sitamarhi News: शहर के किराना मंडी के रूप में प्रसिद्ध कोट बाजार स्थित गोला चौक की वर्षों पुरानी जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर प्रभात खबर में प्रकाशित खबर का असर दिखने लगा है. खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार से नाला निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जबकि बुधवार से निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाएगी.

इस पहल से लंबे समय से जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे स्थानीय व्यवसायियों और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

खबर के बाद हरकत में आया नगर निगम

प्रभात खबर में गोला चौक की बदहाल स्थिति, सड़क पर सालभर बहते नाले के पानी, अधूरी ड्रेनेज व्यवस्था और डस्टबिन की कमी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था.

इसके बाद महापौर रौनक जहां परवेज, उप महापौर आशुतोष कुमार और नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

बुधवार से तेज होगी निर्माण की रफ्तार

नगर आयुक्त ने बताया कि क्विक टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को सरिया कटाई समेत प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है.

उन्होंने कहा कि बुधवार से नाला निर्माण पूरी गति से कराया जाएगा. निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अभियंताओं व अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है.

बंद होगी पंपसेट से जल निकासी की व्यवस्था

नगर आयुक्त के अनुसार, फिलहाल गोला चौक में जलनिकासी के लिए जेनरेटर से चलने वाले मोटर पंप का उपयोग करना पड़ता है, जिससे प्रतिदिन डीजल पर काफी खर्च होता है.

नाला निर्माण पूरा होने के बाद इस अस्थायी व्यवस्था की जरूरत नहीं रहेगी. इससे डीजल पर होने वाले खर्च की बचत होगी और उस राशि का उपयोग नगर के अन्य विकास कार्यों में किया जा सकेगा.

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

कार्रवाई शुरू होने के बाद स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता नारायण श्रीवास्तव उर्फ डिंपू सहित व्यवसायियों और नागरिकों आलोक कुमार, राकेश चौधरी, राहुल कुमार, साहिल गोस्वामी, संजय कुमार और अनिल कुमार ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रभात खबर का आभार व्यक्त किया.

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद गोला चौक की वर्षों पुरानी जलजमाव और गंदगी की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी.


विज्ञापन
रतिकांत झा

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन