मां के बाद अब दो मासूम बेटियों का इंतजार, लालबकैया में डूबीं बहनों का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग
सांकेतिक तस्वीर
जमुआ पंचायत के वार्ड नंबर-14 में ऐतवार पबनी के दौरान लालबकैया नदी में स्नान करने गईं दो सगी बहनें गहरे पानी में डूब गईं. SDRF और गोताखोरों की दो दिनों की तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है.
Sitamarhi News: बैरगनिया थाना क्षेत्र की जमुआ पंचायत के वार्ड नंबर-14 में ऐतवार पबनी के दौरान लालबकैया नदी के जमुआ घाट पर स्नान करने गयीं दो सगी बहनें गहरे पानी में डूब गयीं. घटना के दूसरे दिन सोमवार को भी दोनों का शव बरामद नहीं किया जा सका. स्थानीय गोताखोरों के साथ पहुंची SDRF की टीम ने रविवार और सोमवार को लगातार नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिल सका.
लापता बच्चियों की पहचान जमुआ पंचायत वार्ड नंबर-14 निवासी मजदूर राजकरण राय की 10 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी और 8 वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है. दोनों बहनों के नदी में डूबने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
Bairgania News: ऐतवार पबनी पर महिलाओं के साथ घाट गयी थीं दोनों बहनें
बताया गया कि रविवार को करीब 11 बजे राधा कुमारी और सोनाक्षी कुमारी अपने घर के आसपास की महिलाओं के साथ ऐतवार पबनी को लेकर जमुआ घाट पर स्नान करने गयी थीं.
इसी दौरान दोनों बहनें लालबकैया नदी के गहरे पानी में चली गयीं और डूब गयीं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने दोनों की तलाश शुरू की. बाद में स्थानीय गोताखोरों और SDRF को भी बुलाया गया.
दो दिनों से SDRF और गोताखोरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची. रविवार को देर तक तलाश अभियान चलाया गया. सोमवार को भी टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में दोनों बहनों को खोजने का प्रयास किया.
लगातार दो दिनों की तलाश के बावजूद दोनों बच्चियों का पता नहीं चल सका. शव नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है और गांव में भी मातम का माहौल है.
मजदूरी कर परिवार चलाते हैं राजकरण राय
राधा और सोनाक्षी के पिता राजकरण राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बताया गया कि पिछले वर्ष उनकी पत्नी का भी एक हादसे में निधन हो गया था.
अब दोनों मासूम बेटियों के नदी में डूबने की घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दोनों बच्चियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में परिवार लगातार नदी किनारे नजरें टिकाये हुए है.
बेलवा घाट की ओर बहने की आशंका
अंचलाधिकारी आशीष आनंद ने बताया कि मामले को लेकर एडीएम आपदा से बातचीत की जा रही है. मंगलवार को दोबारा शवों की तलाश शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने आशंका जतायी कि नदी के तेज बहाव में दोनों बच्चियों के शव बहकर शिवहर के बेलवा घाट की ओर चले गये हो सकते हैं. प्रशासन की ओर से संभावित स्थानों पर भी तलाश कराने की तैयारी की जा रही है.
प्रशासन ने कहा- हर संभव प्रयास जारी
सीओ आशीष आनंद ने कहा कि प्रशासन मामले को लेकर गंभीर है और दोनों बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम के प्रयास के बावजूद दूसरे दिन भी सफलता नहीं मिली. अब मंगलवार को फिर से तलाश अभियान चलाने की तैयारी है. परिवार और ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी के बेटे शांतनु ने किया कमाल, लगातार तीसरी बार UGC NET में पायी सफलता
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए