जनाजे में शामिल होने जा रहे थे लोग, बीच नदी में पलट गई नाव; 30 से ज्यादा लोगों की बची जान

Updated:
विज्ञापन
फोटो - नाव पर सवार लोग / डूबते नाव  | Prabhat Khabar Network

नाव पर सवार लोग

सीतामढ़ी के खड़का गांव के पास बागमती नदी में क्षमता से अधिक सवारियों के साथ एक निजी नाव पलट गई. जनाजे से लौट रहे 30 से अधिक ग्रामीण नदी में गिर गए, लेकिन पानी कम होने के कारण सभी सुरक्षित बाहर निकल आए.

विज्ञापन

Sitamarhi News: खड़का गांव के समीप बागमती नदी की उपधारा में शनिवार देर शाम एक नाव पलट गई. नाव पर 30 से अधिक लोग सवार थे, जो जनाजे में शामिल होने के बाद शव को दफनाने के लिए नदी पार कर रहे थे. हादसे के बाद अफरातफरी मच गई, लेकिन नदी में पानी कम होने के कारण सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

जनाजे में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, खड़का गांव निवासी करीब 70 वर्षीय मो. फरमान का निधन हो गया था. जनाजे की नमाज के बाद ग्रामीण शव को दफनाने के लिए नदी पार स्थित कब्रिस्तान जा रहे थे.

नदी पार करने के लिए घाट पर चलने वाली एक निजी नाव ही ग्रामीणों का एकमात्र सहारा है.

क्षमता से अधिक लोग बैठे, बीच धारा में पलटी नाव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव की क्षमता करीब 20 लोगों की थी, लेकिन उस पर 30 से अधिक लोग सवार हो गए थे. नाव घाट से खुलने के कुछ ही देर बाद असंतुलित होकर नदी में पलट गई.

नाव पलटते ही मौके पर अफरातफरी मच गई. हालांकि जलस्तर कम होने की वजह से सभी लोग तैरकर या एक-दूसरे की मदद से सुरक्षित किनारे पहुंच गए.

सरकारी नाव नहीं, निजी नाव के भरोसे ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि खड़का से इब्राहिमपुर के बीच बागमती नदी की उपधारा पर अब तक सरकारी नाव सेवा शुरू नहीं हो सकी है.

नदी पार कराने के लिए एक निजी नाव का संचालन होता है. ग्रामीणों का कहना है कि नाव संचालक हर वर्ष प्रत्येक परिवार से तय मात्रा में अनाज लेता है और इसके बदले नाव सेवा उपलब्ध कराता है.

प्रशासन ने की घटना की पुष्टि

रुन्नीसैदपुर आरओ विश्वमित्र खरबार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण यह हादसा हुआ.

उन्होंने बताया कि घटना में सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


विज्ञापन
Rakesh Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Rakesh Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन