कार के बोनट पर केक काटकर पिस्तौल से फायरिंग कर मनाया बर्थडे ,SP के निर्देश पर जांच शुरू
फोटो -- फायरिंग करते युवक व जन्मदिन के जश्न में शामिल युवक. | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर में जन्मदिन के जश्न के दौरान बीच सड़क पर पिस्तौल से फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ है. इस घटना पर एसपी ने तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
Runnisaidpur Viral Video: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां खुलेआम बीच सड़क पर जन्मदिन के जश्न के दौरान पिस्तौल से हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना बघारी गांव के समीप डंगराहा पुल की बताई जा रही है. कुछ युवकों ने सरेराह कार खड़ी कर पहले धूमधाम से केक काटा और फिर अपनी दबंगई दिखाने के लिए खुलेआम अवैध हथियार से गोलियां दाग दीं.
Birthday Celebration Firing: कार के बोनट पर काटा केक, फिर दागी गोली
घटनाक्रम के अनुसार 8 सितंबर को कुछ युवक अपना जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ डंगराहा पुल के समीप पहुंचे थे. युवकों ने बीच सड़क पर खड़ी कार के बोनट पर केक रखकर उत्सव मनाया. केक काटने के तुरंत बाद जश्न के माहौल में एक युवक ने हाथ में पिस्तौल थाम ली और हवा में गोली चला दी. आसपास मौजूद लोगों में इस हरकत से दहशत फैल गई. हालांकि वायरल हो रहे इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि आधिकारिक रूप से जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

एसपी अमित रंजन ने दिए जांच के सख्त आदेश
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होते ही सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया. उन्होंने तत्काल रून्नीसैदपुर थानाध्यक्ष को वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने तथा फायरिंग में संलिप्त सभी तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एसपी के आदेश के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और फुटेज के आधार पर वीडियो में दिख रहे चेहरों की पहचान में जुट गई.
दो मुख्य आरोपियों की पहचान, प्राथमिकी की तैयारी
रून्नीसैदपुर थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूत्रों की मदद से दो मुख्य युवकों की पहचान कर ली गई है. इनमें पहला आरोपी बघारी गांव निवासी रामेश्वर चौधरी का पुत्र सोनू कुमार है, जिसका जन्मदिन मनाया जा रहा था. वहीं दूसरे युवक की पहचान दिलीप चौधरी के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें... मखाना उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, वैज्ञानिकों ने दिए सफलता के सूत्र
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए