शेखपुरा के 11 पत्थर खनन भूखंडों से सरकार को होगी 170 करोड़ की सालाना आमदनी: मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी

Sheikhpura News: खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने शेखपुरा दौरे के दौरान कहा कि जिले में चयनित 11 पत्थर खनन भूखंडों से सरकार को प्रतिवर्ष 170 करोड़ रुपये की आय होगी. उन्होंने अवैध खनन पर कार्रवाई, फिल्म निर्माण सब्सिडी और अतिपिछड़ा महासम्मेलन को लेकर भी जानकारी दी.

विज्ञापन

Sheikhpura News (निरंजन,सत्येन्द्र कुमार की रिपोर्ट): खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और खनन विभाग से प्राप्त राजस्व राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. वह एक दिवसीय दौरे पर शेखपुरा पहुंचे थे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी.

आपके शहर में

विज्ञापन

11 खनन भूखंडों से होगी 170 करोड़ की आय

मंत्री ने बताया कि शेखपुरा जिले में 11 पत्थर खनन भूखंडों का चयन किया गया है. इन भूखंडों से होने वाले पत्थर उत्खनन के जरिए सरकार को लगभग 170 करोड़ रुपये की सालाना आमदनी होगी. उन्होंने कहा कि यह राजस्व राज्य के विकास कार्यों को गति देने में सहायक बनेगा.

अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती

उन्होंने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. जिले में अब तक 20 वाहनों को जब्त किया गया है. साथ ही तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. जब्त वाहनों से 22 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराई गई है.

फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की योजना

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी गंभीर है. उन्होंने बताया कि फूहड़ गीत-संगीत पर पूरी तरह रोक लगाई गई है और इसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है. साथ ही बिहार में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार चार करोड़ रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है.

अतिपिछड़ा महासम्मेलन में शामिल होने का आह्वान

प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि 22 जून को पटना में अतिपिछड़ा महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की.

अतिपिछड़ा वर्ग को मिला प्रतिनिधित्व

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अतिपिछड़ा वर्ग के चार नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान दिया है. इसके अलावा हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में भी तीन अतिपिछड़ा वर्ग के लोगों को प्रतिनिधित्व मिला है. इसी उपलब्धि को लेकर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है.

राबड़ी देवी के फैसले पर की टिप्पणी

मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा सरकारी सुरक्षा हटाकर निजी सुरक्षा व्यवस्था अपनाने के फैसले की आलोचना की. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकारी नियमों और मानकों का पालन किया जाना चाहिए तथा सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार के हाथों में ही रहनी चाहिए.

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

शेखपुरा पहुंचने पर भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. विधायक रणधीर कुमार सोनी और भाजपा जिला अध्यक्ष रेशमा भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया.

Also Read: शेखपुरा बनेगा बाल श्रम मुक्त समाज, प्रशासन ने लिया सामूहिक संकल्प

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन