शेखपुरा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिता, डीएम बोले- पढ़ाई के साथ खेल में भी करें उत्कृष्ट प्रदर्शन
विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते डीएम . | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय खेल दिवस पर शेखपुरा के मेंहुस विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिता में डीएम शेखर आनंद ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने बच्चों को पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल आने के लिए प्रेरित किया.
Sheikhpura National Sports Day : राष्ट्रीय खेल दिवस एवं महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के अवसर पर जिले के राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेंहुस में भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएम शेखर आनंद ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया.
आपके शहर में
समारोह की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गान से हुई. इसके बाद डीएम ने मैदान में जाकर सिक्का उछालकर टॉस के साथ कबड्डी मैच का खेल शुरू करवाया.
खेलकूद मानव जीवन का अभिन्न अंग, जिले के स्कूलों में बने खेल मैदान: डीएम
खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि खेलकूद मानव जीवन का अभिन्न अंग है, जिससे न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक मजबूती भी मिलती है. जिले के लगभग सभी विद्यालयों में खेल के मैदान का निर्माण करा लिया गया है.
बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से शेखपुरा ने खेल के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. उन्होंने मेंहुस विद्यालय को मॉडल स्कूल बताते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों ने एक-एक स्कूल को गोद लिया है ताकि वहां की शिक्षा और खेल व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके.
पढ़ाई और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का बच्चों से किया आह्वान
डीएम ने बच्चों से प्रतिदिन सुबह फिजिकल एक्टिविटी करने और पढ़ाई व खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया. उन्होंने बच्चों को अनुशासित रहकर, टीम भावना से खेलने, अपने माता-पिता का नाम रोशन करने तथा समाज को आगे बढ़ाने की सीख दी.
100 मीटर दौड़ के बालिका एवं बालक वर्ग के ये रहे विजेता
100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय रमनुबीघा की सिमरन कुमारी प्रथम, प्लस 2 उच्च विद्यालय मेंहुस की सोनाक्षी कुमारी द्वितीय और मध्य विद्यालय रमनुबीघा की सृष्टि कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.
बालक वर्ग में प्लस 2 उच्च विद्यालय मेंहुस के छात्र विक्की कुमार ने प्रथम, इसी विद्यालय के अमरजीत कुमार ने द्वितीय और शिवम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
200 मीटर दौड़ में इशिका और अमरजीत ने हासिल किया पहला स्थान
200 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय मेंहुस की इशिका कुमारी ने पहला, मध्य विद्यालय रमनुबीघा की आरती कुमारी ने दूसरा और मेंहुस उच्च विद्यालय की तस्लीमा खातून ने तीसरा स्थान हासिल किया.
बालक वर्ग में उच्च विद्यालय मेंहुस के छात्र अमरजीत कुमार ने प्रथम, अमन कुमार ने द्वितीय और रमनुबीघा मध्य विद्यालय के छात्र अखिलेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
डीएम ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर किया सम्मानित
विजेता खिलाड़ियों को डीएम शेखर आनंद ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इस समारोह में जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल शिक्षक, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए