शेखपुरा : बाढ़ से पहले डीएम ने खुद देखा घाटकुसुम्भा का हाल, नाव-गोताखोर से दवा-पानी तक तैयार रखने के निर्देश

Updated:
विज्ञापन

घाटकुसुम्भा मे नदी के जल स्तर का जायजा लेते डीएम शेखर आनंद | Prabhat Khabar Network

आगामी बाढ़ की तैयारी को लेकर डीएम शेखर आनंद ने घाटकुसुम्भा प्रखंड के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने हरोहर नदी का जलस्तर बढ़ने से होने वाली संभावित बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया. स्वास्थ्य, पीएचईडी, पशुपालन और आपदा विभागों को विशेष निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

Sheikhpura DM Inspection आगामी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मंगलवार को डीएम शेखर आनंद ने घाटकुसुम्भा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने सहरा, बटौरा, सुजावलपुर सहित कई गांवों का दौरा किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

हरोहर नदी के जलस्तर और सड़कों की मरम्मत पर निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने हरोहर नदी का जलस्तर बढ़ने पर क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने पाया कि बाढ़ के दौरान मुख्य सड़कों एवं संपर्क मार्गों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है.

इसको लेकर ग्रामीण कार्य विभाग तथा बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को समय रहते सड़कों की सुरक्षा, मरम्मत और आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.

शुद्ध पेयजल, टैंकर और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां

पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को प्रभावित एवं सुखाड़ग्रस्त क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में टैंकर तैयार रखने को कहा गया.

स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, पर्याप्त बेड, ओआरएस, ब्लीचिंग पाउडर एवं आवश्यक दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

मवेशियों के लिए चारा, दवाएं और चिकित्सकों की तैनाती

पशुपालन विभाग को मवेशियों के लिए चारा व दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था तथा चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश मिले.

आपदा विभाग और अंचल प्रशासन को पूर्व तैयारी के निर्देश

वहीं आपदा विभाग एवं अंचल प्रशासन को राहत सामग्री, पॉलीथिन शीट, नाव, सामुदायिक किचेन और गोताखोरों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया. डीएम ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करें.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन