शेखपुरा : डीएम शेखर आनंद का निर्देश, 29 नलकूपों और प्याज भंडारण गृह के लिए जल्द तैयार करें DPR

Updated:
विज्ञापन
कृषि टास्क फोर्स की बैठक डीएम ने दिया खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश

जिला कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक करते डीएम शेखर आनंद. | Prabhat Khabar Network

Sheikhpura News : शेखपुरा डीएम शेखर आनंद ने कृषि टास्क फोर्स की बैठक में खाद की कालाबाजारी रोकने और किसानों को समय पर बीज व खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Sheikhpura News : शेखपुरा डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला कृषि टास्क फोर्स की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में डीएम ने कृषि, सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य और गव्य विकास से जुड़ी सभी सरकारी योजनाओं की बिंदुवार गहन समीक्षा की. इसके साथ ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित योजनाओं को ससमय पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया.

उन्होंने किसानों को समय पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया. डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के सभी योग्य किसानों के बीच शत-प्रतिशत बीजों का वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए. इसके अलावा किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी व जमाखोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

सिंचाई के लिए बुनियादी ढांचा होगा मजबूत

बैठक में खेतों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बात कही गई. जिले के पारंपरिक जल स्रोतों, जैसे आहर और पइन के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने और ससमय अपूर्ण कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया ताकि जल संचयन और सिंचाई बेहतर ढंग से हो सके.

सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले के 29 नलकूपों के जीर्णोद्धार एवं नए निर्माण के लिए जल्द से जल्द डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) संबंधित पदाधिकारियों को तैयार करने का भी कड़ा निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को पानी की समस्या से निजात मिल सके.

शत-प्रतिशत किसानों का करें पंजीकरण

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम किसानों तक पहुंचाने के लिए विभाग को शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. किसानों को उनकी जमीन की मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मृदा स्वास्थ्य कार्ड का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया.

इसके अतिरिक्त, जिले में प्याज उत्पादक किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिल सके और भंडारण के अभाव में फसल नष्ट न हो, इसके लिए प्याज भंडारण गृह निर्माण हेतु भी जल्द डीपीआर बनाने का निर्देश दिया गया. जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे मवेशियों को पानी पीने में होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाद का निर्माण जल्द से जल्द कराएं.

धरातल पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश

बैठक के दौरान डीएम शेखर आनंद ने जिला कृषि पदाधिकारी को कड़ा निर्देश दिया कि वे केवल जिला स्तर की बैठकों पर ही निर्भर न रहें, बल्कि अपने स्तर से भी लगातार प्रखंडवार योजनाओं की गहन समीक्षा करें और खुद धरातल पर जाकर कार्यों का भौतिक निरीक्षण करें.

इस समीक्षा बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित कृषि व संबंधित अन्य विभागों के कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

Also Read : शेखपुरा में बीएससी सेमेस्टर-3 परीक्षा केंद्र के विरोध में कॉलेज बंद, छात्र संगठनों के आंदोलन के बाद परीक्षा टली



विज्ञापन
Satyendra Kumar

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन