हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज से उच्च शिक्षा को मिलेगी नई दिशा, मंत्री अशोक चौधरी ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं

Author Niranjan Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

सामारोह में शामिल मंत्री व अन्य

Sheikhpura News : बिहार सरकार राज्य के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलकर उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचा रही है. इस पहल से राज्य की साक्षरता दर में वृद्धि और ग्रामीण छात्राओं के सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा.

विज्ञापन

Sheikhpura News : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने बुधवार को शेखोपुरसराय प्रखंड में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में पठन-पाठन शुरू होने के अवसर पर मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलकर उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने का लक्ष्य

मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पहले स्कूली शिक्षा को मजबूत किया गया. अब 'निश्चय' के तीसरे चरण के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया गया है. इसी महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि बिहार की साक्षरता दर अब लगभग 75 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है. आने वाले चार वर्षों में इन डिग्री कॉलेजों के माध्यम से बिहार को शत-प्रतिशत साक्षर राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को मिलेगा सबसे अधिक लाभ

मंत्री ने कहा कि नए डिग्री कॉलेजों का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को मिलेगा. उन्होंने कहा कि आज भी समाज में कई परिवार बेटों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर भेजते हैं, जबकि बेटियों की पढ़ाई बीच में ही रुक जाती है. उन्होंने कहा कि आज बेटियां फाइटर विमान और यात्री विमान उड़ा रही हैं. ऐसे में बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा बढ़ने से सामाजिक विकास के साथ-साथ जनसंख्या वृद्धि दर पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और परिवार तथा समाज दोनों मजबूत होंगे.

कॉलेजों में जल्द उपलब्ध होंगी सभी सुविधाएं

अशोक चौधरी ने कहा कि सभी नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में जल्द ही आवश्यक मानव संसाधन, शिक्षकों की नियुक्ति और आधारभूत संरचनाओं की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके. उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ आईटीआई, पॉलिटेक्निक, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या भी लगातार बढ़ाई जा रही है.

एक करोड़ नए लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने की तैयारी

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही एक करोड़ नए पात्र लोगों को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगी. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद जिलाधिकारी शेखर आनंद को निर्देश दिया कि शिविर लगाकर पात्र लोगों का नाम राशन कार्ड में जोड़ा जाए. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद जन वितरण प्रणाली के डीलरों की बहाली की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.

बांकीपुर उपचुनाव और विपक्ष पर भी बोले मंत्री

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. उन्होंने पूर्ववर्ती राजद सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय बिहार की स्थिति काफी खराब थी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नई दिशा दी और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं. मंत्री ने दावा किया कि पहले बिहार अपराध, अपहरण और भ्रष्टाचार की खबरों के लिए जाना जाता था, जबकि आज शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत




विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन