शेखपुरा: घाटकुसुम्भा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंची भाकपा की टीम, राहत नहीं मिलने पर जतायी चिंता
घाटकोसुम्भा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का जायजा लेती सीपीआई की प्रतिनिधि मंडल. | Prabhat Khabar Network
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने शेखपुरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की पीड़ा को समझा. फसलें नष्ट होने और घरों में पानी भरने के बावजूद राहत न मिलने पर चिंता जताई गई है. पार्टी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने और आगे आंदोलन करने की रणनीति बना रही है.
शेखपुरा. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शेखपुरा जिला परिषद के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने घाटकुसुम्भा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं जानीं. प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के जिला सचिव प्रभात कुमार पाण्डेय, सहायक जिला सचिव गुलेश्वर यादव, पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रभूषण प्रसाद, अवधेश रविदास, अजय कुमार एवं सौरभ कुमार शामिल थे.
हर साल बाढ़ और जलजमाव से जूझते हैं हजारों लोग
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद भाकपा के जिला सचिव प्रभात कुमार पाण्डेय ने कहा कि हर साल बारिश के दौरान हजारों लोगों को जलजमाव और बाढ़ जैसी गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और लोगों की परेशानी लगातार सामने आती रही है, तो इसे आधिकारिक रूप से बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दर्जा क्यों नहीं दिया गया.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फसल पूरी तरह नष्ट हो गयी है और घरों के अंदर पानी भरा हुआ है. लगभग सभी गांवों में झोपड़ियां धराशायी होकर पानी में तब्दील हो गयी हैं. इसके बावजूद बटोरा में तीन किलो पशु चारा और अकरपुर में 144 पीस पॉलिथीन बांटने के बाद आज तक अन्य गांवों में राहत का लाभ नहीं पहुंचाया जा रहा है. यहां तक कि गांवों में पीने के पानी के लिए भी लोग परेशान हैं.
लखीसराय के गांवों में राहत, शेखपुरा के गांवों में सुविधा नहीं मिलने का दावा
प्रभात कुमार पाण्डेय ने कहा कि बगल की नदी के उस पार का इलाका लखीसराय जिला में होने के कारण वहां बड़े पैमाने पर बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य चलाया जा रहा है. उन्होंने ऐंजनी, सरौड़ा और पाली समेत अन्य गांवों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों को राहत दी जा रही है.
वहीं, शेखपुरा जिले के आलापुर, पानापुर, अकबरपुर, घाटकुसुम्भा, बेलदरिया, सुजालपुर, गड़बड़ियां, बटौरा और बिलौनी में सरकार की ओर से नाव समेत अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है.
डीएम को ज्ञापन सौंपेगी भाकपा
भाकपा जिला सचिव ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगी. पार्टी की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाने की बात कही गयी है. उन्होंने कहा कि समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जन गोलबंदी करेगी और 28 सितंबर को पटना में राजभवन मार्च करेगी. इसमें शेखपुरा जिले से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए