वैदिक मंत्रों और हवन के बीच शिवहर में आर्य समाज मंदिर निर्माण का शुभारंभ, लोगों ने सहयोग का दिया भरोसा

ध्वजारोहण के माध्यम से आर्य समाज मंदिर की आधारशिला में शामिल श्रद्धालु गण
शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में आर्य समाज मंदिर निर्माण की आधारशिला रविवार को रखी गई. इस अवसर पर वैदिक वेद महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
Sheohar News: शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित कोठियां चौक पर रविवार को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आर्य समाज मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई. इस अवसर पर एक दिवसीय वैदिक वेद महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें जिले सहित विभिन्न स्थानों से आए आर्य समाज के पदाधिकारी, विद्वान और श्रद्धालु शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, प्रवचन और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
वेदों के महत्व और नैतिक जीवन पर दिया गया संदेश
वक्ताओं ने कहा कि वेद मानव जीवन का मूल आधार हैं और वेदानुकूल जीवन-यापन से समाज में नैतिकता, सदाचार और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है.
उन्होंने लोगों से सत्य, सेवा, ईश्वर की उपासना और वैदिक सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया.
वैदिक मंत्रों के बीच रखी गई मंदिर की आधारशिला
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मधुबनी गुरुकुल के आचार्य सुशील जी, बेतिया आर्य समाज के प्रधान महंत प्रसाद, बिहार पुरोहित सभा के प्रधान वीर शमशेर सिंह आर्य, संत निराला बाबा, सीतामढ़ी आर्य समाज के प्रधान उपेंद्र आर्य, शिवहर आर्य समाज के प्रधान श्रीराम कुमार आर्य, योगाचार्य उमाशंकर आर्य तथा भूमिदाता रामचरण कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी.
मंदिर निर्माण में सहयोग की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान कई श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने खुले मंच से आर्य समाज मंदिर निर्माण में आर्थिक और सामाजिक सहयोग देने की घोषणा की.
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि मंदिर बनने के बाद क्षेत्र में वैदिक संस्कृति, धार्मिक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा मिलेगी.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर पुरोहित उमाशंकर आर्य, संजय कुमार वर्मा, बलराम आर्य, वार्ड सदस्य सह उपप्रधान पवन कुमार, नंदलाल राम, भीम कुमार, गुड्डू कुमार, योगेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के वातावरण में संपन्न हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










