सोलर पैनल लगाने पर 98 हजार तक अनुदान, PDS विक्रेताओं ने दिया दो-तीन दिन में लगाने का भरोसा
बैठक करते एसडीएम डॉ अनंत कुमार एवं अन्य
शिवहर में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के लिए पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस योजना के तहत सोलर पैनल लगाने पर 98 हजार रुपये तक का सरकारी अनुदान मिलेगा. विक्रेताओं ने जल्द ही पैनल लगवाने का आश्वासन दिया है.
Sheohar News: शिवहर. अनुमंडल कार्यालय कक्ष में शनिवार को एसडीएम डॉ. अनंत कुमार की अध्यक्षता में नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के साथ पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा की गयी. बैठक में एसडीएम ने बिजली बिल में बचत के लिए सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने योजना के तहत मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी दी.
आपके शहर में
सोलर पैनल लगाने पर मिलेगा सरकारी अनुदान
समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने पर सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती है.
एक किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार से 30 हजार और राज्य सरकार से 10 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा.
वहीं, दो किलोवाट तक के लिए केंद्र सरकार से 60 हजार और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये, यानी कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
तीन किलोवाट तक 98 हजार रुपये का अनुदान
एसडीएम ने बताया कि तीन किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा. इस तरह कुल 98 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
सोलर पैनल लगाने से बिजली बिल में बचत होने के साथ बिजली की जरूरत को पूरा करने में भी मदद मिलेगी.
दो-तीन दिनों में सोलर लगाने का आश्वासन
बैठक में उपस्थित सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं ने दो से तीन दिनों में सोलर पैनल लगवा लेने का आश्वासन दिया.
इस दौरान योजना के तहत सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया और अनुदान से संबंधित जानकारी भी दी गयी.
समस्या होने पर आपूर्ति पदाधिकारी से करें संपर्क
बैठक में शिवहर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को बताया कि सोलर पैनल के अधिष्ठापन में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर अविलंब उनसे संपर्क करें.
उन्होंने कहा कि समस्या की जानकारी मिलने पर उसका त्वरित निष्पादन कराया जाएगा, ताकि सोलर पैनल लगाने के कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए