शिवहर में पहली बार बनेगा मॉडल हाट, किसानों और पशुपालकों को मिलेंगी खास सुविधाएं

Updated:
विज्ञापन

शिलान्यास के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ छोटा विजय, डीडीसी संजय कुमार एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

मेसौढ़ा बाजार में मॉडल हाट निर्माण का शिलान्यास किया गया. यहां किसानों को सब्जी, अनाज और फल सीधे बेचने की सुविधा मिलेगी, जबकि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दुकान आवंटन में प्राथमिकता देने की योजना है.

विज्ञापन

शिवहर मॉडल हाट:  पिपराही प्रखंड के मेसौढ़ा बाजार में अब मॉडल हाट का निर्माण होगा. जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ छोटा विजय ने गुरुवार को डीडीसी संजय कुमार की उपस्थिति में मॉडल हाट निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया. जिले में पहली बार इस तरह के मॉडल हाट का निर्माण किया जा रहा है. इस योजना से क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों, छोटे व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

22 लाख 54 हजार रुपये से होगा निर्माण

जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम-जी योजना के तहत मॉडल हाट का निर्माण कराया जा रहा है. इस पर 22 लाख 54 हजार 293 रुपये खर्च होंगे. मॉडल हाट के निर्माण से स्थानीय स्तर पर बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक सुविधाजनक स्थान मिलेगा.

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में यह मॉडल हाट महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. यहां किसान अपनी सब्जी, अनाज और फल सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे. इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है.

हाट में मिलेंगी कई सुविधाएं

मॉडल हाट में दुकानदारों और किसानों के लिए पक्का चबूतरा और शेड की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा शौचालय, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. पशुपालकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पशुओं के लिए अलग शेड और चापाकल की व्यवस्था होगी.

पशुओं की देखभाल के लिए हाट परिसर में चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है. इससे पशुपालकों को हाट में आने के दौरान पशुओं से जुड़ी आवश्यक सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी.

महिलाओं को दुकान के लिए मिलेगी प्राथमिकता

महिला सशक्तिकरण को भी योजना में विशेष महत्व दिया गया है. स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को दुकान आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी. इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने और स्वरोजगार से जुड़ने का बेहतर अवसर मिल सकता है.

शिलान्यास कार्यक्रम में डीआरडीए डायरेक्टर हरिमोहन कुमार, पीओ पंकज कुमार सहित कई स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद थे. स्थानीय लोगों ने मॉडल हाट के निर्माण को क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया. उम्मीद है कि इसके शुरू होने के बाद मेसौढ़ा बाजार में खरीद-बिक्री की व्यवस्था और व्यवस्थित होगी तथा आसपास के किसानों और छोटे कारोबारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

यह भी पढ़ें:

शिवहर नगर परिषद की राजनीति गरमाई, पूर्व सभापति ने विकास कार्यों में अनियमितता का लगाया आरोप


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन