Sheohar: पहली महिला विधायक से कैबिनेट मंत्री तक, डॉ. श्वेता गुप्ता का ऐतिहासिक सफर

Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेती डॉ. श्वेता गुप्ता.

शिवहर की पहली महिला विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता ने अपने पहले ही कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री बनकर इतिहास रच दिया है. राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह के बाद पूरे जिले में दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला. जानें डॉक्टर से मंत्री बनने तक का उनका पूरा सफर…

विज्ञापन

Sheohar News: डॉ. श्वेता गुप्ता ने बिहार की राजनीति में नया इतिहास रच दिया है. शिवहर की पहली महिला विधायक डॉ. गुप्ता ने अपने पहले ही कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेकर जिले का मान बढ़ाया है.

राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.

चिकित्सा से राजनीति तक का सफर

डॉ. श्वेता गुप्ता राजनीति में आने से पहले चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय रही हैं. सीतामढ़ी और शिवहर में एक सफल चिकित्सक के रूप में उनकी अलग पहचान रही है.

उनके पति डॉ. वरुण कुमार भी क्षेत्र के चर्चित चिकित्सक और उद्यमी माने जाते हैं. 44 वर्षीय डॉ. श्वेता ने जेडीयू प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए 97,269 वोट हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी.

78 साल बाद बना नया रिकॉर्ड

शिवहर विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में यह उपलब्धि बेहद खास मानी जा रही है. आजादी के 78 वर्षों बाद पहली बार किसी महिला ने इस सीट से विधायक बनकर सीधे कैबिनेट मंत्री पद तक का सफर तय किया है.

इससे पहले जिले की राजनीति में रघुनाथ झा का दबदबा माना जाता था, जो छह बार विधायक रहे थे. अब लंबे समय बाद शिवहर को एक नया नेतृत्व मिला है.

जिले में दिवाली जैसा माहौल

डॉ. श्वेता गुप्ता के मंत्री बनने की खबर मिलते ही शिवहर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने जगह-जगह आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया.

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद डॉ. श्वेता ने कहा कि शिवहर की जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया.

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन