समर्थ पोर्टल में तकनीकी समस्या पर वीकेएसयू ने दी राहत, मैनुअल होगा नामांकन

Updated:
विज्ञापन
वीर कुंअर सिंह विवि.

वीर कुंअर सिंह विवि.

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) ने समर्थ पोर्टल पर शुल्क भुगतान में आ रही तकनीकी समस्या को देखते हुए स्नातक सत्र 2026-30 के प्रथम एवं द्वितीय मेधा सूची के चयनित छात्र-छात्राओं के लिए मैनुअल नामांकन की अनुमति दे दी है. यह राहत उन छात्रों के लिए है जो समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा नहीं कर पाए.

विज्ञापन

Sasaram News : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) ने समर्थ पोर्टल पर शुल्क भुगतान में आ रही तकनीकी समस्या को देखते हुए स्नातक सत्र 2026-30 के प्रथम एवं द्वितीय मेधा सूची के चयनित छात्र-छात्राओं के मैनुअल नामांकन की अनुमति दे दी है. विश्वविद्यालय ने सभी अंगीभूत, नवस्थापित अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

ऑफलाइन शुल्क लेकर होगा नामांकन

अध्यक्ष, छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार समर्थ पोर्टल पर शुल्क जमा नहीं कर पाने वाले चयनित छात्र-छात्राओं से कॉलेज अपने स्तर पर नामांकन शुल्क (जहां लागू हो), प्रायोगिक शुल्क और पंजीयन शुल्क नगद चालान के माध्यम से प्राप्त कर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करेंगे.

अभिलेख सुरक्षित रखने का निर्देश

विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि छात्र-छात्राओं का नाम, फॉर्म नंबर और शुल्क रसीद का पूरा विवरण सुरक्षित रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसे विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराया जा सके. बाद में समर्थ पोर्टल से हुए नामांकन और मैनुअल नामांकन के आंकड़ों का समायोजन कर पोर्टल पर अद्यतन किया जाएगा.

प्रथम मेधा सूची के छूटे छात्रों को भी राहत

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्र-छात्राओं को प्रथम मेधा सूची में कॉलेज आवंटित हो चुका था, लेकिन शुल्क भुगतान की समय-सीमा समाप्त होने के कारण नामांकन नहीं हो सका, उनका भी मैनुअल तरीके से नामांकन लिया जा सकेगा. हालांकि इसकी पूरी जानकारी अध्यक्ष, छात्र कल्याण कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी.

बैंक ड्राफ्ट से जमा होगी राशि

विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि छात्रों से प्राप्त सभी शुल्क बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय के समर्थ एडमिशन खाते में जमा कराएं. विश्वविद्यालय ने कहा है कि तकनीकी कारणों से कोई भी पात्र विद्यार्थी नामांकन से वंचित नहीं होना चाहिए.

Also Read : रोहतास के काराकाट में नए बीडीओ संजीत कुमार ने संभाला पदभार, विकास योजनाओं को गति देने का दिया भरोसा


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन